एक अच्छी व आदर्श पत्नी बनने के लिए 35 टिप्स | How To Be A Good Wife In Hindi

वैसे तो पति-पत्नी का रिश्ता बहुत ही खास माना जाता है। मगर, इस रिश्ते की मजबूती पति और पत्नी के मध्य आपसी प्रेम भाव और एक दूसरे के सम्मान पर टिकी होती है। अगर इस सम्मान और प्रेम में किसी की भी तरफ से कोई कमी होती है, तो पति-पत्नी के इस रिश्ते के मध्य खटास आना स्वाभाविक है। ऐसे में एक आदर्श पत्नी कैसे बनें, यह हर महिला के लिए जान लेना जरूरी है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए मॉमजंक्शन के इस आर्टिकल में हम एक अच्छी व आदर्श पत्नी बनने की कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं। इन्हें अपनाकर आप अपने जीवनसाथी के दिल में घर कर सकती हैं।

तो आइए बिना इधर-उधर के बात किए सीधे हम एक आदर्श पत्नी बनने की टिप्स जान लेते हैं।

एक अच्छी व आदर्श पत्नी बनने के लिए 35 टिप्स

1. अपना प्यार जाहिर करें

एक अच्छी पत्नी बनने के लिए आपको अपना प्यार जाहिर करना आना चाहिए। पति-पत्नी के रिश्ते में तो वैसे दोनों बिना कुछ कहे ही एक दूसरे की मन की बात जान लेते हैं, लेकिन कई बार आपके कहे प्यार भरे शब्द सामने वाले के मन में अमिट छाप छोड़ जाते हैं। इसलिए ये जरूरी है कि समय-समय पर आप उन्हें एहसास दिलाती रहें कि आप उनसे कितना प्यार करती हैं।

2. एक अच्छी श्रोता बनें

वैसे तो पत्नियां अपने घर और परिवार से लेकर गली-मोहल्ले तक की बातें अपने पति से साझा करती हैं, लेकिन आपको सिर्फ अपनी बातें उनसे शेयर करने के अलावा उनका विचार भी सुनना चाहिए। एक अच्छी पत्नी वह होती है, जो एक अच्छी वक्ता के साथ-साथ अच्छी श्रोता भी हो। शाम को चाय के साथ या फिर रात को डिनर के बाद टहलते हुए, जब भी आपको समय मिले अपने पति के दिल की बातें और उनकी सोच व विचार जरूर सुनिए।

3. उनकी तारीफ करने से न चूकें

अगर आपके पति कुछ अच्छा करते हैं या फिर कोई कामयाबी हासिल करते हैं, तो आपको उनकी तारीफ करने से नहीं चूकना चाहिए। एक अच्छी पत्नी वही होती है, जो अपने पति की खुशी और गम दोनों में बराबर की हिस्सेदार हो। इसलिए पति की अच्छाइयों और कामयाबियों में उनकी तारीफ कर उन्हें प्रोत्साहित करना, आपको एक अच्छी पत्नी बनाता है।

4. बिना झगड़े अपनी बात समझाने का प्रयास करें

अगर कोई ये कहे कि पति-पत्नी में झगड़े नहीं होते, तो ये सरासर गलत है। जहां दो लोगों के मत मिलते हैं, वहां विचारों का अलग होना आम बात है। एक पत्नी होने के नाते आपको ये समझना चाहिए कि छोटी-छोटी बात पर झगड़ना आपके रिश्ते में कड़वाहट ला सकता है। अपने विचार रखना जरूरी है, लेकिन इसका ये अर्थ बिल्कुल नहीं है कि आप बात को रखने के लिए झगड़ा करने लगें। ऐसा करने से घर में केवल क्लेश ही पैदा होता है और यह आपके दांपत्य जीवन के लिए भी सही नहीं। इसलिए आपको अपनी बात प्यार से शांति पूर्वक रखने का प्रयास करना चाहिए।

5. हमेशा ईमानदार रहें

एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको हमेशा अपने पति के प्रति ईमानदार रहना चाहिए। पति-पत्नी का पवित्र रिश्ता विश्वास की नाजुक डोर से बंधा होता है। इसमें धोखा, झूठ और बेवफाई के लिए कोई जगह नहीं होती। जिस तरह आप अपने पति से उम्मीद करती हैं कि वह आपके प्रति ईमानदार रहे, ऐसे में आपको भी उनके प्रति ईमानदार रहना चाहिए।

6. जैसी आप हैं वैसी रहें

एक परफेक्ट पत्नी बनने के लिए आपको अपने आप को बदलने की जरूरत नहीं। एक सुखी रिश्ते के लिए जरूरी है कि आप जैसी हैं, वैसी ही रहें। बनावटीपन और दिखावा केवल कुछ दिनों तक किया जा सकता है और शादी जैसे जीवन भर के लंबे सफर में आपको अपनी असली पहचान के साथ ही आगे बढ़ना चाहिए। अपनी असलियत छिपाकर या अपनी भावनाओं को कुचल कर बनाए गए रिश्ते आगे चलकर आपके दांपत्य जीवन में कड़वाहट ला सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि आप जैसी हैं, वैसी ही रहें और किसी को खुश करने के लिए खुद को न बदलें।

7. एक-दूसरे का साथ एंजॉय करना सीखें

एक सुखी दांपत्य जीवन के लिए आपको एक-दूसरे का साथ एंजॉय करना आना चाहिए। हो सकता है कि अपनी नौकरी, व्यवसाय या अन्य कामों के चलते आपके पति आपके लिए समय नहीं निकाल पाते हों। ऐसे में आपको जितना भी समय उनके साथ बिताने को मिले उसे एंजॉय करना चाहिए। ऐसा करने से आप यकीनन परफेक्ट पत्नी बन जाएंगी और आपके पति के मन में भी आपके लिए सम्मान और भी बढ़ जाएगा।

8. अपनी गलतियां भी स्वीकार करें

किसी और की गलती निकालना बहुत आसान होता है, लेकिन आपको अपनी गलतियां स्वीकार करना भी आना चाहिए। एक अच्छी पत्नी बनने के कई गुणों में से एक गुण यह भी है। अपनी गलतियों को मान कर आप विवाद और झगड़े के एक बड़े कारण को खत्म कर सकती हैं। ऐसा करने से दांपत्य जीवन सुखी होगा और पति-पत्नी के मध्य झगड़ा पनपने की स्थिति में भी कमी देखने को मिलेगी।

9. अपने फैसले न थोपें

परिवार एक-दूसरे की सहमति से ही चलता है। अपनी बात मुखरता से रखना अच्छी बात है, लेकिन हर बार केवल अपनी बात मनवाना उचित नहीं। एक सुखी दांपत्य जीवन में पति-पत्नी का समान योगदान होता है। ऐसे में आपको केवल अपने फैसले को सही ठहराकर सामने वाले को उसे मानने के लिए बाध्य नहीं करना चाहिए। एक अच्छी पत्नी बनने के लिए आपको केवल अपने फैसले नहीं थोपने चाहिए, बल्कि सामने वाले की भावनाओं का भी सम्मान करना चाहिए।

10. उनकी पसंद और जरूरतों का ख्याल रखें

एक परफेक्ट पत्नी अपने पति की हर पसंद और जरूरतों का ख्याल रखती है। आपके पति का स्वभाव कैसा है और उन्हें क्या पसंद है, ये सभी बातें जानना आपका हक बनता है। ऐसा करके आप न केवल अपने पति को स्पेशल फील करा सकती हैं, साथ ही ऐसा करना आपके रिश्ते में प्यार को और भी मजबूत कर सकता है।

11. बिना शर्त प्यार बरकरार रखें

एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको अपने पति के प्रति बेशर्त प्यार बरकरार रखना चाहिए। जीवन का हर मोड़ एक जैसा नहीं होता। इसमें कभी सुख आता है, तो कभी दुख। उतार-चढ़ाव तो जीवन में लगे ही रहते हैं। ऐसे में एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको अपने पति के साथ प्रत्येक स्थिति में समान भाव से खड़े रहना चाहिए।

12. झूठ न बोलें

झूठ बोलना किसी भी रिश्ते के लिए सही नहीं होता। झूठ आपके दांपत्य जीवन की नींव हिला सकता है। एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको अपने पति से कभी भी झूठ नहीं बोलना चाहिए। हो सकता है कि सच कई बार कड़वा हो, जो आप दोनों के बीच झगड़े का कारण बने। फिर भी झूठ नहीं बोलना चाहिए। ऐसा करना आप दोनों के रिश्ते में कड़वाहट ला सकता है। ऐसा करके आप उनके मन को ठेस पहुंचाने के साथ ही हमेशा के लिए उनका विश्वास खो सकती हैं।

13. खुश रहें

कहते हैं एक खुशनुमा चेहरा सूरज की रोशनी के समान होता है, जहां जाता है अपनी खुशियों की रोशनी से सबको चमका देता है। ऐसे में एक सुखी दांपत्य जीवन के लिए जरूरी है कि दूसरे लोगों को खुश रखने के अलावा आप खुद भी खुश रहें और अपनी खुशियों को भी महत्वत्ता दें। अगर आप खुश रहेंगी, तो ही अपने पति समेत अन्य लोगों को खुश रख पाएंगी।

14. पति के परिवार और दोस्तों का भी सम्मान करें

एक पत्नी होने के नाते आपको अपने पति के अलावा उसके परिवार और दोस्तों का भी सम्मान करना चाहिए। एक अच्छी पत्नी वही होती है, जो रिश्तों को जोड़े रखती है। शादी के बाद आपके पति का परिवार आपका परिवार बन जाता है और उनके दोस्त भी आपके जीवन का हिस्सा बन जाते हैं। वे सभी आपके पति के प्रिय व दिल के करीब होते हैं। ऐसे में आपको भी उन्हें उतना ही प्यार और सम्मान देना चाहिए।

15. सहायक बनें

एक पत्नी को हर कदम पर अपने पति की सहायक बनना चाहिए। एक पत्नी होने के नाते, जो हाथ पति की कामयाबी पर तालियां बजाने के लिए उठती हैं, वो उनके गिरने पर सहारा देने के लिए भी उठने चाहिए। जिंदगी के हर उतार-चढ़ाव पर आपको अपने पति का कंधे से कंधा मिलाकर साथ देना चाहिए।

16. उनकी सबसे अच्छी दोस्त बनें

शादी के बाद पति और पत्नी दोनों के जीवन में कई बदलाव आते हैं। दांपत्य जीवन में प्रवेश करते ही दोनों की जिंदगी शादी के पहले की जिंदगी से बिल्कुल अलग हो जाती है। ऐसे में शादी के बाद अपने पति की पत्नी बनने के साथ ही आप उनकी सबसे अच्छी दोस्त बनने की भी कोशिश करें। एक दोस्त बनकर आप उनके दिल में घर कर सकती हैं और यह आपके रिश्ते को और भी मजबूती प्रदान करेगा।

17. वह जैसे हैं उन्हें वैसे ही स्वीकार करें

हर इंसान का अपना एक अलग व्यक्तित्व और अलग पहचान होती है। इसलिए आपके पति जैसे हैं, उन्हें वैसे ही स्वीकार करें और उनका सम्मान करें। जिस तरह आपको अपने व्यक्तित्व से प्यार होता है, वैसे ही सामने वाले के लिए भी उसका व्यक्तित्व अजीज होता है। ऐसे में सुखी दांपत्य के लिए उन्हें बदलने से बेहतर है, उन्हें उसी रूप में स्वीकार करें।

18. उनकी रुचियों में अपनी रुचि दिखाएं

आपके पति को क्या पसंद है और क्या नहीं, इसका ध्यान रखने के साथ ही आपको उनकी रुचियों में अपनी रुचि भी दिखानी चाहिए। अगर आपके पति को घूमने का शौक है, तो आप किसी अच्छे हनीमून प्लेस का चुनाव कर उनकी ऑल टाइम ट्रेवल पार्टनर बन सकती हैं। वहीं अगर उन्हें गार्डनिंग का शौक है, तो आप उनके पौधों का ध्यान रख सकती हैं। ऐसा करके आप उनके दिल के और करीब आ जाएंगी।

19. उनके पर्सनल स्पेस व आजादी का सम्मान करें

शादी का बंधन दो लोगों को साथ जोड़ता है, लेकिन इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि आप अपने जीवनसाथी पर पूरी तरह से हावी हो जाएं। एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको अपने पति के पर्सनल स्पेस और आजादी का सम्मान करना चाहिए। अगर आपके पति को कुछ पल एकांत में रहना पसंद है, तो आपको उनकी इच्छा का सम्मान करना चाहिए।

20. रोमांस के लिए आप भी कदम बढ़ाएं

जब बात रोमांस की आती है, तो अक्सर महिलाएं संकोच महसूस करती हैं। हमारे समाज के रीति रिवाजों के चलते महिलाएं रोमांस पर खुल कर अपने विचार तक नहीं रख पातीं, लेकिन एक सुखी दांपत्य जीवन के लिए यह जरूरी है कि आप भी रोमांस के लिए अपनी ओर से कदम बढ़ाएं। यह जरूरी नहीं कि हर बार पति ही इसकी शुरुआत करे। आपकी ओर से बढ़ाया गया पहला कदम आप दोनों के रिश्ते को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होगा।

21. बिस्तर पर क्रिएटिविटी करते रहें

अक्सर शर्म हया के चलते महिलाएं बिस्तर पर अपनी इच्छा व भावनाएं जाहिर नहीं कर पाती हैं। अगर आप चाहती हैं कि आपका दांपत्य जीवन सुखमय बना रहे, तो आपको बिस्तर पर क्रिएटिविटी करते रहना चाहिए। अगर आप बिस्तर पर अपने पार्टनर का भरपूर साथ देती हैं, तो यह उनके उत्साह को भी बढ़ाएगा और इससे आपका दांपत्य जीवन भी रोमांचित होगा।

22. उनकी पसंद का स्वादिष्ट खाना बनाएं

किसी ने ठीक ही कहा है कि मर्द के दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है। इसलिए एक अच्छी पत्नी होने के नाते आपको उनके खाने की पसंद और नापसंद का भी पता होना चाहिए। साथ ही आप उनकी पसंद का खाना बनाकर उन्हें खुश कर सकती हैं। इसके अलावा अगर उन्हें कहीं बाहर खाना पसंद है, तो आप पति के साथ समय-समय पर उनके पसंदीदा रेस्टोरेंट में जाकर या फिर बाहर से उनका पसंदीदा खाना ऑर्डर करके भी उन्हें सरप्राइज कर सकती हैं।

23. विश्वासपात्र बनें

पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार के साथ विश्वास होना भी जरूरी होता है। कहते हैं कि जो बातें हम पूरी दुनिया में किसी से नहीं कह पाते, वो बात हम अक्सर अपने जीवनसाथी से जरूर शेयर करते हैं। ऐसे में ये जरूरी है कि आप अपने पति की विश्वासपात्र बनें। ताकि वह अपने मन की हर बात आपसे बेझिझक कह सकें।

24. सम्मान करें

एक सुखी दांपत्य जीवन के लिए पति-पत्नी के मन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना जरूरी है। यदि दोनों में से एक भी दूसरे को हीन भावना से देखने लगे या फिर उसका सम्मान न करे, तो रिश्ते में कड़वाहट आ जाती है। इसलिए ये जरूरी है कि आप अपने पति का सम्मान करें। साथ ही आप स्वयं भी सम्मान की हकदार हैं, तो अपना आत्मसम्मान भी बनाए रखें।

25. अपशब्दों का इस्तेमाल न करें

एक अच्छी पत्नी होने के नाते कभी भी अपने पति के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल न करें। अपने पति के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कभी भूले से भी न करें, जिससे उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचे और अन्य लोगों के सामने वे मजाक का पात्र बन जाएं। इसलिए एक अच्छी पत्नी होने के नाते इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि पति के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल आपको न तो अकेले में, न ही किसी के सामने करना है।

26. हां, कहना सीखें

एक अच्छी पत्नी बनने के लिए कई मामलों में आपको हां कहने की भी आदत डाल लेनी चाहिए। पति की हर राय और हर बात पर न कहना आपके रिश्ते के बिल्कुल अच्छा नहीं है। हालांकि, ये जरूरी नहीं कि आप अपनी भावनाओं को दबाकर उनकी हर बात में हां में हां करें। मगर, कई बार पति की खुशियों के लिए आप उनके प्लान व सजेशन को हां कह सकती हैं।

27. आलोचना करने से बचें

अगर आपको अपने पति की हर बात पर आलोचना करने की आदत है, तो उसे तुरंत बदल दें। यदि आप हर बात पर पति की आलोचना करती हैं, तो यह आपके रिश्ते में खटास ला सकता है। इसलिए आपको पति की आलोचना करने से बचना चाहिए। हां, यदि उनकी आदत आपको पसंद नहीं हैं, तो उस संबंध में आप अपने पति से प्यार से  बात करें और उन्हें उनकी गलत आदत के बारे में बताएं।

28. समझदारी से खर्च चलाएं

अगर घर के खर्चे की बागडोर आपके हाथ में रहती है, तो समझदारी से खर्च करें। घर में किस चीज की जरूरत है और किस की नहीं, यह आपको अच्छे से पता होना चाहिए। घर के बजट को अच्छे से चलाना भी एक अच्छी पत्नी की निशानी होती है। एक अच्छी गृहणी वही होती है, जो समझदारी से खर्च करने के साथ ही कुछ बचत भी करे।

29. जल्दी से माफ करना सीखें

इंसान गलतियों का पुतला होता है। जाने अनजाने में कई बार हमसे भी गलतियां हो जाती हैं। इसलिए अगर आपके पति से कोई गलती हो जाती है, तो उन्हें माफ करने में ज्यादा देर न करें। अगर गलतियां ज्यादा बड़ी न हों, तो उसे माफ किया जा सकता है। दरअसल, इस काम में की गई देरी कई बार पति-पत्नी के मध्य के रिश्ते में एक बड़ी दूरी पैदा कर देती है।

30. बातचीत करें

पति-पत्नी का रिश्ता दो पल का साथ नहीं, बल्कि जिंदगी भर का लंबा सफर होता है। इसलिए इस सफर के हमसफर से दोस्ती कर दिल खोल कर बातें करें। ऐसा करने से जिंदगी का सफर और भी सुहाना हो जाएगा। कभी आप उन्हें अपनी सुनाएं और कभी वो आपको सुनाएं, इसी तरह जिंदगी का सफर कट जाता है। एक अच्छी पत्नी होने के नाते कोशिश करें कि आप दोनों के बीच कुछ न कुछ बात जरूर होती रहे, ताकि रिश्ते में दूरियां आने की कोई गुंजाइश न रहे।

31. उनके प्यार जताने के तरीके को समझें

हर इंसान का प्यार जताने का अपना अलग तरीका होता है। हर कोई शब्दों में प्यार बयां नहीं कर पाता। हो सकता है प्यार जताने के लिए आपके पति आपके लिए तोहफे लाएं, आपके लिए स्पेशल खाना बनाएं या फिर आपको कहीं बाहर घुमाने ले जाने के लिए कोई सरप्राइज प्लान करें। इसलिए आपको उनके प्यार जताने के तरीकों को समझना होगा। प्यार जताने का तरीका चाहे अलग-अलग क्यों न हो, लेकिन भावनाएं वही होती हैं। इसलिए आपको उनके प्यार जताने के तरीकों का सम्मान करना चाहिए।

32. उनकी बुरी आदतों को सुधारने का प्रयास करें

अगर आपके पति को नशा या फिर जुआ जैसी कोई बुरी आदत है और वह उससे निकल नहीं पा रहे हैं, तो पत्नी होने के नाते यह आपका कर्तव्य बनता है कि आप उन्हें सुधारने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में आपको समझदारी से काम लेना चाहिए। ऐसी आदतें न तो एक दिन में लगती हैं, न हीं एक दिन में छूटती हैं। इसलिए आपको सब्र से काम लेना होगा और प्यार व समझदारी से उनकी बुरी आदतें सुधारनी होंगी।

33. अपनी शादी को अहमियत दें

शादी के बाद जिंदगी के मायने बदल जाते हैं। जीवनभर के लिए आपकी डोर आपके पति से बंध जाती है। इसलिए ये जरूरी है कि आप अपनी शादी और पति को अहमियत दें। शादी के बाद अन्य रिश्तों के अलावा यह रिश्ता निभाना आपकी प्राथमिकता होना चाहिए।

34. अपनी जरूरतों को भी बताएं

शादी के बाद कई महिलाएं अपनी इच्छाएं मन में ही दबा लेती हैं और जिम्मेदारियों को निभाते-निभाते खुद को भूल जाती हैं। हालांकि, ऐसा नहीं होना चाहिए। शादी के बाद भी आपको अपनी इच्छाएं और जरूरतें जाहिर करने का उतना ही हक है, जितना आपके पति को या फिर घर के अन्य सदस्यों को। ऐसे में अपनी जरूरतों के बारे में पति को खुलकर बताएं।

35. दूसरों से तुलना न करें

एक अच्छी पत्नी बनने के लिए बेहद जरूरी है कि आप अपने पति की किसी और से तुलना न करें। ऐसा करने से आप पति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा सकती हैं और यह आप दोनों के बीच दूरियां ला सकता है। हर इंसान अपने आप में स्पेशल होता है। इसलिए किसी भी अन्य से आपको अपने पति की तुलना किसी भी स्थिति में नहीं करनी चाहिए।

कहते हैं पति-पत्नी का रिश्ता सात जन्मों का होता है। इसलिए हर कोई चाहता है कि एक जीवनसाथी के तौर पर उन्हें एक ऐसा हमसफर मिले जो उन्हें अच्छे से समझे, उनका सम्मान करे और सुख-दुख में साथ निभाए। इस लेख के जरिए हमने कोशिश की है कि आपको एक अच्छी पत्नी बनने की सभी बेस्ट टिप्स दे सकें। उम्मीद करते हैं कि हमारा ये प्रयास आपके काम आएगा। इसी तरह के और भी बेहतरीन लेख पढ़ने के लिए मॉमजंक्शन से जुड़े रहें।

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.