check_iconFact Checked

गर्भावस्था के स्ट्रेच मार्क्स हटाने के उपाय | Stretch Marks Hatane Ke Upay

महिलाओं में स्ट्रेच मार्क्स यानी खिंचाव के निशान होना आम बात है। खासतौर पर गर्भावस्था के बाद अधिकतर महिलाओं को स्ट्रेच मार्क्स पड़ ही जाते हैं। यह शरीर के किसी भी भाग पर हो सकते हैं, जैसे स्तनों और बाजुओं पर, लेकिन सबसे ज्यादा पेट के निचले हिस्से, कूल्हों और जांघों पर दिखाई देते हैं। गर्भावस्था के बाद पड़ने वाले स्ट्रेच मार्क्स हार्मोनल बदलाव और अचानक से कम होने वाले फैट की वजह से हो सकते हैं। इससे छुटकारा पाने के लिए महिलाएं न जाने कितने तरीके अपनाती हैं, जिनमें से कुछ तो कारगर हो जाते हैं, लेकिन कुछ बेअसर होते हैं। मॉमजंक्शन के इस लेख में हम आपको प्रेगनेंसी के बाद होने वाले स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के कुछ घरेलू उपाय व व्यायाम बताएंगे। ये तरीके स्ट्रेच मार्क्स को हटाने में कुछ हद तक आपकी मदद कर सकते हैं।

सबसे पहले यह जान लेते हैं कि क्या स्ट्रेच मार्क्स से पूरी तरह छुटकारा पाया जा सकता है या नहीं।

In This Article

क्या स्ट्रेच मार्क्स से पूरी तरह से छुटकारा पाना संभव है? | Stretch Marks Kaise Hataye

स्ट्रेच मार्क्स व्यक्तिगत प्रतिक्रिया है। ये किसी को कम होते है, तो किसी को ज्यादा होते हैं। जिन महिलाओं को डिलीवरी के बाद स्ट्रेच मार्क्स पड़ जाते हैं, वो इनसे पूरी तरह से छुटकारा पाना चाहती हैं, लेकिन ऐसा संभव नहीं है। इन्हें बस हल्का किया जा सकता है। स्ट्रेच मार्क्स पर क्रीम, लोशन व तेल आदि का इस्तेमाल करने से ये निशान हल्के हो सकते हैं। डिलीवरी के कुछ महीनों बाद ये निशान और गहरे हो सकते हैं, जिनका कम होना कठिन हो सकता है।

अब सवाल यह उठता है कि गर्भावस्था के दौरान स्ट्रेच मार्क्स कब दिखाई देते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में।

वापस ऊपर जाएँ

गर्भावस्था के दौरान स्ट्रेच मार्क्स कब दिखाई देते हैं?

गर्भावस्था के किसी भी चरण में स्ट्रेच मार्क्स पड़ने शुरू हो सकते हैं। गर्भावस्था के शुरुआती समय से ही स्तनों में वृद्धि होनी शुरू हो जाती है, इसलिए स्तनों पर स्ट्रेच मार्क्स शुरुआती समय से ही दिखने लग सकते हैं।

वहीं बात की जाए, पेट पर पड़ने वाले स्ट्रेच मार्क्स की, तो यह तब नजर आने लगते हैं, जब गर्भाशय के विकसित होने के कारण आपका पेट भी बढ़ने लगता है। इस कारण पेट पर निशान दिखने शुरू हो सकते हैं।

हालांकि, स्ट्रेच मार्क्स दिखने के सही समय का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि हर महिला के प्रेगनेंसी के दौरान अनुभव अलग-अलग हो सकते हैं।

आइए, इन स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के घरेलू उपायों के बारे में जानते हैं।

वापस ऊपर जाएँ

डिलीवरी के बाद स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए घरेलू उपाय | Stretch Marks Hatane Ke Gharelu Upay

अगर आपको प्रेगनेंसी के बाद स्ट्रेच मार्क्स हो गए हैं, तो ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे बहुत से घरेलू उपाय हैं, जिन्हें अपनाकर आप इन्हें कम कर सकती हैं। नीचे हम आपको स्ट्रेच मार्क्स हटाने के घरेलू उपाय बता रहे हैं (1) :

1. तेल से मालिश

स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए तेल मालिश काफी कारगर साबित हो सकती है। आप नीचे बताए गए तेल का इस्तेमाल करके स्ट्रेच मार्क्स कम कर सकती हैं, जैसे :

जैतून का तेल :

जैतून का तेल स्ट्रेच मार्क्स कम करने में काफी फायदेमंद होता है। जैतून के तेल से इस प्रकार मालिश कर सकते हैं (2):

  • हथेली पर थोड़ा-सा जैतून का तेल लेकर स्ट्रेच मार्क्स वाले हिस्से पर लगा लें।
  • अब इसे 30 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें, ताकि तेल के सभी पोषक तत्व त्वचा में अवशोषित हो जाएं।
  • आधे घंटे बाद आप नहा लें।
  • आप जैतून के तेल में थोड़ा पानी और सिरका मिलाकर स्ट्रेच मार्क्स पर रोज लगा सकते हैं।
  • हालांकि, यह लंबी प्रक्रिया है, जिसका असर दिखने में समय लग सकता है, लेकिन इससे स्ट्रेच मार्क्स हल्के पड़ते नजर जरूर आएंगे।

विटामिन-ई का तेल :

  • आपको बाजार में विटामिन-ई के तेल के कैप्सूल आसानी से मिल जाएंगे।
  • इन कैप्सूल का तेल निकालकर, इसमें कोई मॉस्चराइजर मिलाकर स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं।
  • इस मिश्रण को आप रोजाना लगाएं, धीरे-धीरे स्ट्रेच मार्क्स कम होने लगेंगे।

अरंडी का तेल :

  • स्ट्रेच मार्क्स वाले हिस्से पर रोजाना पांच से दस मिनट के लिए अरंडी के तेल से मालिश करें।
  • इसके बाद, प्लास्टिक बैग को स्ट्रेच मार्क्स वाले हिस्से पर लपेट लें। अब इस पर गर्म पानी की बोतल 30-40 मिनट के लिए फेरें। ऐसा करने से रोम छिद्र खुलेंगे और तेल त्वचा में अवशोषित होगा, जिसके बाद धीरे-धीरे निशान कम होने लगेंगे।

अन्य तेल : इनके अलावा, नारियल का तेल, बादाम का तेल, एवोकाडो, अरंडी और विटामिन-ई के तेल को बराबर मात्रा में मिलाकर रोजाना निशान पर लगाएं और कुछ देर के लिए मालिश करें। इससे भी स्ट्रेच मार्क्स कम होंगे।

2. एलोवेरा : एलोवेरा त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है। वहीं, स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए भी एलोवेरा काम आता है।

  • इसके लिए आप एलोवेरा के टुकड़े को 15 मिनट तक स्ट्रेच मार्क्स पर रगड़ें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। ऐसा रोजाना करने से स्ट्रेच मार्क्स धीरे-धीरे कम होने लगेंगे।
  • आप चाहें तो एक चौथाई कप एलोवेरा जेल में पांच विटामिन-ए और पांच विटामिन-ई के कैप्सूल मिलाकर एक मिश्रण बना सकती हैं और रोज इससे मालिश कर सकती हैं। मालिश करने के बाद इसे सूखने दें और फिर धो लें। ऐसा आप दिन में दो बार करें।

3. शहद : शहद में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो स्ट्रेच मार्क्स कम करने में मदद करते हैं।

  • इसके लिए आप एक छोटा-सा कपड़ा लें और इस पर शहद लगा लें।
  • इस कपड़े को स्ट्रेच मार्क्स वाले भाग पर रखें और सूखने दें।
  • सूखने के बाद कपड़ा हटा दें और गुनगुने पानी से धो लें।
  • आप शहद में नमक और ग्लिसरीन डालकर एक स्क्रब बना सकती हैं। इस स्क्रब को कुछ देर स्ट्र्रेच मार्क्स पर रगड़ें और सूखने के बाद इसे पानी से धो लें।

4. अंडे का सफेद भाग : अंडे के सफेद भाग में प्रोटीन होता है, जो स्किन के लिए फायदेमंद होता है।

  • इसके लिए आप अंडे का सफेद भाग निकालकर अच्छी तरह फेंट लें। फिर इसे ब्रश की सहायता से प्रभावित क्षेत्र पर लगाएं।
  • सूखने के बाद इसे ठंडे पानी से धो लें।
  • इसके बाद त्वचा पर जैतून का तेल लगा लें, ताकि रूखापन दूर हो जाए।
  • ऐसा लगातार दो सप्ताह तक करें।

5. शिया बटर या कोकोआ बटर : शिया बटर और कोकोआ बटर को स्ट्रेच मार्क्स पर तेल की तरह ही इस्तेमाल किया जा सकता है।

  • आप शिया बटर या कोकोआ बटर को स्ट्रेच मार्क्स वाले स्थान पर लगाएं और कुछ देर बाद धो लें।
  • ऐसा प्रतिदिन करने से आपको फर्क नजर आने लगेगा।

6. चीनी : स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए चीनी काफी फायदेमंद होती है। यह खराब त्वचा को बाहर निकालती है और स्ट्रेच मार्क्स हल्के होने लगते हैं।

  • इसके लिए आप एक चम्मच चीनी में बादाम का तेल और नींबू का रस डालकर स्क्रब बना लें।
  • इसे एक महीने तक प्रतिदिन प्रभावित क्षेत्र पर नहाने से पहले रगड़ें।

7. नींबू का रस : नींबू में एसिड होने के कारण यह स्ट्रेच मार्क्स को कम करने में मदद करता है।

  • इसके लिए आप नींबू के रस को स्ट्रेच मार्क्स वाले भाग पर रगड़ें।
  • इसे 10 मिनट तक सूखने के लिए छोड़ दें।
  • 10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धो लें।
  • ऐसा रोज करने से आपको कुछ ही दिनों में परिणाम नजर आने लगेगा।

8. आलू का रस : आलू में पाइथोकेमिकल, पॉलीफेनोल व कैरोटीनॉयड होता है, जो त्वचा के लिए फायदेमंद होता है।

  • इसके लिए आप आलू को काटकर प्रभावित क्षेत्र पर रगड़ें।
  • थोड़ी देर तक इसे सूखने दें, फिर गुनगुने पानी से धो लें।
  • ऐसा रोजाना करने से कुछ ही दिनों में फर्क दिखने लगेगा।

9. एप्रिकोट : एप्रिकोट (खुबानी) को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।

  • पेस्ट बनाने के लिए इसे मिक्सी में पीस लें।
  • इस पेस्ट को स्ट्रेच मार्क्स पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें।
  • बाद में गुनगुने पानी से इसे धो लें। ऐसा आप रोज करें।

10. हल्दी और चंदन का पेस्ट :

  • चंदन की लकड़ी को घिसकर एक चम्मच पेस्ट बना लें।
  • अब हल्दी का टुकड़ा लेकर इसे पीसते हुए पेस्ट बनाएं।
  • इन दोनों पेस्ट को मिलाकर स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं।
  • इस पेस्ट को कुछ देर के लिए लगाकर छोड़ दें। जब ये आधे से ज्यादा सूख जाए, तो हाथ से रगड़ते हुए इसे उतारें।
  • बेहतर परिणाम देखने के लिए ऐसा रोजाना छह महीने तक करें।

आइए, अब स्ट्रेच मार्क्स कम करने वाले व्यायाम के बारे में जानते हैं।

वापस ऊपर जाएँ

गर्भावस्था के बाद स्ट्रेच मार्क्स से छुटकारा पाने के लिए व्यायाम

इन स्ट्रेच मार्क्स को कम करने के लिए आप व्यायाम का सहारा ले सकती हैं। इससे त्वचा में नए टिशू का निर्माण होता है और स्ट्रेच मार्क्स कम होने लगते हैं। इसके अलावा, व्यायाम करने से ढीली त्वचा में कड़ापन आएगा। आप स्ट्रेच मार्क्स वाले भाग के लिए कुछ स्ट्रेचिंग वाले व्यायाम करें। नियमित व्यायाम और अच्छे खानपान का मेल स्ट्रेच मार्क्स से राहत दिलाने में मदद करेगा। नीचे हम कुछ व्यायाम के बारे में बता रहे हैं :

1. स्क्वैट्स

Squats

Image: Shutterstock

यह व्यायाम जांघों से निशान कम करने में मदद करता है।

  • इसके लिए आप अपने दोनों हाथों को आगे की ओर खोलें और सीधे खड़े होते हुए छाती को थोड़ा-सा बाहर की ओर ले जाएं।
  • अब घुटने मोड़ते हुए ऐसे बैठने की कोशिश करें, जैसे कुर्सी पर बैठते हैं। अपने घुटने और पंजों को सामांतर रखने की कोशिश करें।
  • वहीं, जांघें जमीन के सामांतर आने तक झुकने की कोशिश करें। कुछ सेकंड बाद सामान्य अवस्था में आएं और सांस छोड़ें।

2. नौकासन

Boating

Image: Shutterstock

यह व्यायाम पेट पर पड़े खिंचाव के निशान कम करने में मदद करता है। ध्यान रहे कि इस योगासन को तीसरी तिमाही में न करें।

  • इस व्यायाम को करने के लिए पहले जमीन पर चटाई या योग मैट बिछाकर लेट जाएं और दोनों पैरों को एक साथ जोड़ लें।
  • फिर दोनों एड़ी व पंजों को मिलाएं और हाथों को कमर से सटा लें।
  • हथेलियों को जमीन पर रखें और गर्दन को सीधा रखें।
  • फिर अपने दोनों हाथ, दोनों पैर और गर्दन को धीरे-धीरे ऊपर की ओर समांतर क्रम में उठाएं।
  • इस दौरान अपने शरीर का पूरा वजन नितंबों पर रखें और इस अवस्था में कम से कम 30 सेकंड तक रहने की कोशिश करें।
  • इसके बाद धीरे-धीरे अपनी पुरानी स्थिति में लौट आएं।
  • इस प्रक्रिया को आप पांच से छह बार दोहरा सकती हैं।

3. साइड लेग लिफ्ट

Side leg lift

Image: Shutterstock

  • यह व्यायाम भी पेट और जांघों से स्ट्रेच मार्क्स कम करने में मदद करता है।
  • इसके लिए आपको योग वाली चटाई पर एक ओर करवट लेकर लेटना है।
  • फिर अपने ऊपर के पैर को ऊपर की ओर उठाना होगा।
  • आप इसी अवस्था में रहें और पांच सेकंड बाद अपनी अवस्था में लौट आएं।
  • आप इस प्रक्रिया को दस बार दोहरा सकती हैं।

नोट : आप डिलीवरी के बाद डॉक्टर से सलाह लेकर ही ये व्यायाम करें।

वापस ऊपर जाएँ

गर्भावस्था के बाद खिंचाव के निशान कम करने के लिए चिकित्सा उपचार

गर्भावस्था के बाद स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए डॉक्टर प्राकृतिक उपचार की सलाह देंगे। खासतौर से स्तनपान कराने वाली महिलाओं को, लेकिन अगर आप घरेलू उपायों को अपनाती हुई परेशान हो गई हैं, तो डॉक्टर नीचे दिए गए उपचार कर सकते हैं :

  1. केमिकल पील : इसे डर्मा पील भी कहा जाता है। इस दौरान, स्ट्रेच मार्क्स पर डॉक्टर एक केमिकल का इस्तेमाल करते हैं (3)। इसमें इक्लोरोएसिटिक, ग्लाइकोलिक, लैक्टिक, सैलिसिलिक या कार्बोलिक एसिड जैसे रसायनों होते हैं, जिनसे त्वचा पर छाले उत्पन्न होते हैं और बाद में इन्हें डॉक्टर हटाते हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया से त्वचा के रंग में परिवर्तन आने का जोखिम हो सकता है।
  1. लेजर थैरेपी : स्ट्रेच मार्क्स के इलाज में लेजर थैरेपी करना काफी आम है। यह पुराने से पुराने स्ट्रेच मार्क्स पर की जा सकती है, लेकिन यह एक महंगी प्रक्रिया है।
  1. ग्लाइकोलिक एसिड : ग्लाइकोलिक एसिड में पीलिंग गुण हैं। यह त्वचा में कोलेजन उत्पादन में सुधार करता है, जिससे त्वचा में लचीलापन आता है। इससे स्ट्रेच मार्क्स कम होने लगते हैं (4)। ग्लाइकोलिन एसिड के कैप्सूल आपको दवाओं की दुकान पर मिल जाएंगे, लेकिन इसका इस्तेमाल करने से पहले आपको डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
  1. ट्रिटिनॉइन क्रीम : अगर आप स्तनपान नहीं कराती हैं, तो डॉक्टर आपको ट्रिटिनॉइन क्रीम दे सकते हैं। इसे रेटिन-ए के नाम से भी जाना जाता है। इसे आपको स्ट्रेच मार्क्स वाले भाग पर लगाना होगा। एक अध्ययन के मुताबिक 0.1 प्रतिशत ट्रिटिनॉइन क्रीम लगाने से स्ट्रेच मार्क्स कम किए जा सकते हैं (5)

वापस ऊपर जाएँ

गर्भावस्था के दौरान खिंचाव के निशान को आने से कैसे रोकें?

गर्भावस्था के दौरान स्ट्रेच मार्क्स आते ही हैं। इन्हें पूरी तरह से रोकने का कोई उपाय नहीं है। हां, स्ट्रेच मार्क्स ज्यादा न हों, उसके लिए कुछ तरीके अपनाए जा सकते हैं। इस बारे में हम आपको नीचे बताएंगे :

  1. नारियल तेल : आप रोज अपनी त्वचा पर नारियल तेल लगाएं। खासतौर पर पेट के निचले हिस्से, जांघों व स्तनों पर। अगर नारियल तेल नहीं है, तो शिया बटर, कोकोआ बटर या बेबी ऑयल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  1. खुद को हाइड्रेट रखें : स्ट्रेच मार्क्स से बचने के लिए जरूरी है कि आप खुद को हाइड्रेट रखें। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं।
  1. पौष्टिक आहार का सेवन करें : स्ट्रेच मार्क्स से बचने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए। अपने खान-पान में जिंक, विटामिन-सी व विटामिन-ई को शामिल करें। यह त्वचा को पोषण देते हैं। इसके लिए आप बीन्स, पालक, नट्स, गाजर व स्ट्रॉबेरी जैसी चीजें खाएं।
  1. नियमित रूप से व्यायाम करें : नियमित रूप से व्यायाम करने से भी स्ट्रेच मार्क्स से बचा जा सकता है। इससे आपका वजन नियंत्रित रहेगा, जो स्ट्रेच मार्क्स होने से बचाएगा। आप कीगल व्यायाम या सामान्य स्ट्रेचिंग वाले व्यायाम कर सकती हैं।
  1. सनस्क्रीन लगाएं : बाहर धूप में जाने से पहले हमेशा सनस्क्रीन लगाएं। यह स्ट्रेच मार्क्स से दूर रहने में आपकी मदद करेगा।
    इन निशान से बचने के लिए अब घरेलू क्रीम के बारे में जानते हैं।

वापस ऊपर जाएँ

गर्भावस्था के दौरान खिंचाव के निशान से बचने के लिए घरेलू क्रीम और लोशन

लोशन और क्रीम की मदद से खिंचाव के निशान को आने से रोका जा सकता है। ये त्वचा को नमी प्रदान करते हैं, जिससे ये कोमल रहते हैं। नीचे, जानिए कुछ घरेलू क्रीम और लोशन के बारे में :

ऐसे बनाएं मॉइस्चराइजर :

  • आप जैतून का तेल, एलोवेरा जेल और वीट जर्म ऑयल को बराबर मात्रा में मिलाकर इसे लगाएं।
  • अगर आपकी त्वचा रूखी है, तो इसका इस्तेमाल करें।
Make such moisturizers

Image: Shutterstock

ऐसे बनाएं लोशन :

  • एक चौथाई कप एलोवेरा जेल और आधा कप वर्जिन ओलिव ऑयल लें।
  • इसमें छह कैप्सूल विटामिन-ई का तेल और चार कैप्सूल विटामिन-ए के मिलाएं।
  • इन सभी को अच्छी तरह से मिलाकर फ्रिज में रख दें।
  • आप स्ट्रेच मार्क्स दूर करने के लिए इस लोशन को रोजाना लगाएं।
Create such a lotion

Image: Shutterstock

ऐसे बनाएं क्रीम :

  • आधा कप कोकोआ बटर, एक चम्मच विटामिन-ई का तेल और दो चम्मच मधुमक्खी के छत्ते से बनी मोम।
  • इन तीनों को अच्छी तरह मिलाकर तब तक गर्म करें, जब तक मोम अच्छी तरह पिघल न जाए।
  • अब इस मिश्रण को एक बोतल में भरकर फ्रिज में रखें।
  • इसे आप रोजाना प्रभावित क्षेत्र पर इस्तेमाल कर सकती हैं।
Create such creams

Image: Shutterstock

हम उम्मीद करते हैं कि स्ट्रेच मार्क्स कम करने के लिए ये नुस्खे जरूर आपके काम आएंगे। साथ ही यह जानकारी उन सभी परिचित महिलाओं के साथ शेयर करें, जो इन निशान को कम करना चाहती हैं। गर्भावस्था से जुड़ी ऐसी और जानकारी के लिए पढ़ते रहें मॉमजंक्शन।

वापस ऊपर जाएँ

References

MomJunction's articles are written after analyzing the research works of expert authors and institutions. Our references consist of resources established by authorities in their respective fields. You can learn more about the authenticity of the information we present in our editorial policy.

1. The Big Book Of Home Remedies written by Samuel Billings
2. Self-assessment of striae gravidarum prophylaxis By Ncbi
3. Chemical Peeling By UTMB Health
4.Treatment of Striae Distensae with Nonablative Fractional Laser versus Ablative CO2 Fractional Laser: A Randomized Controlled Trial By Ncbi
5.Topical tretinoin (retinoic acid) improves early stretch marks By Ncbi

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.