check_iconFact Checked

ब्रेकअप के बाद क्या करें और क्या न करें | Breakup Ke Baad Kya Kare Aur Kya Nahi

प्यार में होना इस दुनिया का वो एहसास है, जिसका मुकाबला कोई सुख नहीं कर सकता। हां, यही प्यार व्यक्ति को कभी न भूलने वाला दुख भी दे सकता है। ऐसा दुख जिसके सामने दुनिया का हर गम छोटा लगने लगता है। इस दुख को ब्रेकअप कहते हैं। हर वक्त खालीपन का एहसास होता है, जिस कारण कई लोगों को ब्रेकअप के बाद अपनी जिंदगी अकेली लगने लगती है। ब्रेकअप के बाद इंसान टूट सा जाता है, मगर समझने वाली बात यह है कि ब्रेकअप जिंदगी का अंत नहीं होता। अगर व्यक्ति ये ध्यान रखे कि ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए और क्या नहीं, तो इस दर्द से निकलना आसान हो सकता है। तो मॉमजंक्शन के इस खास लेख में हम कुछ इसी बारे में जानकारी दे रहे हैं। उम्मीद है यहां बताए गए टिप्स ब्रेकअप के गम को भुलाने में उपयोगी साबित होंगे।
लेख के पहले भाग में जानते हैं कि ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए।

In This Article

ब्रेकअप के बाद क्या करें? | Break Up Ke Baad Kya Kare

किसी को भुलाने के लिए या फिर अपनी जिंदगी से गम मिटाकर फिर से अपने करियर, फैमिली और दोस्तों पर फोकस करने के लिए जानें कि ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए। अगर ब्रेकअप के बाद नीचे बताए गए बातों का पूरा ध्यान रखा जाए तो ब्रेकअप के दर्द से बाहर आने में मदद मिल सकती है। तो नीचे पढ़ें कि ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए:

1. दुख-दर्द को बाहर निकालें

कहते हैं ना बात करने से ही बात बनती है, इसलिए ब्रेकअप के बाद भी व्यक्ति को दूसरों से बात करके अपने गम को हल्का करना चाहिए। खासतौर पर, व्यक्ति जिससे सबसे ज्यादा नजदीक है या जिन्हें उनके रिश्ते के बारे में कभी जानकारी रही हो। किसी ने सच ही कहा है कि ‘दर्द बांटने से कम होता है’, इसलिए अपने मन के विचारों को दूसरों के साथ साझा करें। इस दर्द को अपने अंदर रखा जाए, उतना ही ज्यादा यह व्यक्ति को मानसिक रूप से परेशान कर सकता है। इसलिए, ब्रेकअप के बाद व्यक्ति को अपने करीबियों से इसके बारे में बात करना शुरू करना चाहिए।

2. उस शख्स से दूरी बना लें

ब्रेकअप के बाद उसी इंसान के आसपास रहना या उससे बातचीत करते रहना काफी नुकसानदायक हो सकता है। अगर व्यक्ति ब्रेकअप के बाद उसी इंसान के साथ रहेगा तो उसे देखकर पुरानी बातों को और ब्रेकअप को याद करके दुखी हो सकता है। इसलिए शुरुआत में कुछ समय के लिए उस इंसान से दूरी बना लेना ही समझदारी है। उनसे बात करने या मिलने की कोशिश न करें। इससे दोनों को ही परेशानी के अलावा कुछ नहीं मिलेगा।

3.सेल्फ लव जरूरी है

ब्रेकअप के बाद क्या करें, इसका एक जवाब सेल्फ लव भी है। अक्सर देखा गया है कि प्रेमी से दूर होने के बाद लोग अपने ऊपर या अपनी खुशियों के बारे में ध्यान देना छोड़ देते हैं। इससे इंसान अपने आप से ही दूर होता चला जाता है। ऐसे में बेहतर है कि व्यक्ति खुद से प्यार करना सीखे। अपने आप से प्यार करने का मतलब स्वार्थी बनना नहीं होता है। हां, खुद से प्यार करना और स्वार्थी बनने के बीच एक बहुत पतली रेखा होती है। ध्यान रहे कि खुद की पसंद की चीजें करते वक्त किसी और को दुख न पहुंचे। तो बेहतर है व्यक्ति इस अंतर को समझें और जो चीजें खुद को पसंद हो, वो करें। शॉपिंग पर जाना, खुद को पैंपर करना, इन सभी चीजों से व्यक्ति का अपने लिए प्यार और आत्मविश्वास बढ़ सकेगा।

4. सोशल प्लेटफॉर्म पर भी कर लें ब्रेकअप

व्यक्ति को ब्रेकअप के बाद सोशल मीडिया पर भी अपने एक्स-पार्टनर से दूरी बना लेनी चाहिए। ब्रेकअप के बाद अगर व्यक्ति अपने एक्स से सोशल मीडिया के जरिए जुड़ा रहेगा तो उसके अपडेट्स देख-देखकर खुद को और दुखी करता रहेगा। अगर एक्स दोस्ती रखने की बात करे तो बेहतर है कुछ वक्त के लिए पीछे हट जाना, क्योंकि अगर इंसान दोस्ती रखेगा तो उसे भूलने में बहुत परेशानी हो सकती है। ऐसे समय में व्यक्ति को उन्हें भूलने के लिए उनसे जुड़ी बातों से दूर जाना चाहिए।

5. खुद को पहले जैसा रखें

अक्सर लोग अपने प्यार को भूलने के लिए खुद को बदलने की कोशिश करने लगते हैं। वह अपने व्यवहार में बदलाव करने लगेंगे, अपनी पसंद को बदलने लगेंगे, जो चीजें उन्हें अच्छी लगती थी, उससे दूरी बनाने लगेंगे। इससे उन्हें लगता है कि उनमें पूरी तरह से नयापन आ जाएगा। मगर ऐसा करना व्यक्ति की असली पहचान के खोने के अवसर बढ़ा देता है। इसलिए जैसे हैं, वैसे ही रहें।

6. माता-पिता और दोस्तों के साथ समय बिताएं

माता-पिता और दोस्त हर मर्ज की दवा हैं। उनके साथ समय बिताने और उनसे अपने दिल का हाल शेयर करने से व्यक्ति खुद को हल्का महसूस कर सकता है। पेरेंट्स का साथ हर गम को कम कर सकता है और किसी भी तरह के दुख से बाहर आने में मदद कर सकता है। वहीं, दोस्तों की प्यार से सुनाई गई खरी-खोटी भी चेहरे पर मुस्कान ले आती है। दोस्तों का प्यार और साथ बड़े से बड़े गम से भी निकलने में मदद कर सकता है। दोस्तों के साथ समय बिताने और उनसे अपने दिल का हाल शेयर करने से मन में हल्का महसूस हो सकता है। साथ ही दोस्तों के साथ नई-नई मस्ती भरी और खुशनुमा यादें भी बना पाएंगे।

7. वास्तविकता को अपनाएं

ब्रेकअप के बाद किसी को कैसे भूलें, यह सवाल कई लोगों के मन में आता है। इसका एक और जवाब यह है कि व्यक्ति को सच्चाई और वास्तविकता को अपना लेना चाहिए। व्यक्ति जितना अपने ख्यालों की दुनिया में जीता रहेगा और सोचता रहेगा कि वो शख्स दोबारा मिल जाए, उतना ही अपने आपको दुखी करता रहेगा। इसलिए, बेहतर है व्यक्ति खुद को ठेस न पहुंचाएं और स्थिति की सच्चाई को मानें और जीवन में आगे बढ़ें।

8. सकारात्मक रहें

कई लोग खुद को ब्रेकअप के लिए जिम्मेदार ठहराने लगते हैं। उन्हें लगता है कि सब कुछ उनकी गलती थी या वह किसी के लायक नहीं है। ऐसे नकारात्मक विचार उनके आत्मविश्वास को तोड़ सकते हैं। इसलिए सकारात्मक रहें और सकारात्मक सोचें। खुद को दोष देने से अच्छा है सच्चाई को मान लें और आगे की सोचें। इससे खुशी मिलेगी और जीवन में आगे बढ़ने में भी मदद मिलेगी।

9. एक्सरसाइज या योग करें

दिमाग और शरीर को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज व योग काफी फायदेमंद साबित होता है। इससे मन को शांत करने और बेहतर महसूस करने में मदद मिल सकती है। एक्सरसाइज और योगा मानसिक तनाव, अवसाद आदि को कम करने में मददगार हो सकते हैं। खासतौर पर, मेडिटेशन यानी ध्यान लगाना उपयोगी हो सकता है (1)। अगर पहली बार एक्सरसाइज या योग कर रहे हैं तो बेहतर है इसके लिए विशेषज्ञ की मदद लें या कोई क्लास में शामिल हो जाएं। इससे न सिर्फ ब्रेकअप के गम को भूलने में मदद मिल मिलेगी, बल्कि बीमारियों का जोखिम भी कम हो सकेगा।

10. करियर पर ध्यान दें

करियर एक ऐसी चीज है, जो व्यक्ति के साथ हमेशा रह जाता है। इसलिए ब्रेकअप के कारण व्यक्ति को अपने लक्ष्य, सपनों या करियर को बाधित नहीं होने देना चाहिए। व्यक्ति को हमेशा अपने को बेहतर बनाने का प्रयास करते रहना चाहिए। भविष्य के लिए नई प्लानिंग और उसपर अमल करना शुरू करना चाहिए। इससे व्यक्ति को पता लग जाएगा कि ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए। अगर व्यक्ति का करियर उज्ज्वल होगा तो फिर उसे किसी भी चीज की कमी नहीं होगी और हो सकता है आगे जाकर जीवन में उन्हें कोई बेहतर इंसान भी मिल जाए। इसलिए, जीवन में फोकस रहना आवश्यक है।

11. सही पार्ट्नर मिलेगा

कुछ लोग ब्रेकअप के बाद सोचने लगते हैं कि वह जिंदगी में हमेशा अकेले रह जाएंगे और उनके एक्स से बेहतर उन्हें कोई नहीं मिल सकता। हालांकि, ऐसा बिल्कुल नहीं है। हम सभी के लिए इस दुनिया में कोई न कोई जरूर है, जो समय आने पर हमें मिलेगा। इसलिए, निराश होने की जरूरत नहीं है, बस उम्मीद टूटने न दें।

12. गिफ्ट्स और लव लेटर को हटा दें

लोग ब्रेकअप हो जाने के बाद भी अपने पुराने रिश्ते में मिले गिफ्ट्स या लव लेटर को अपने पास रखना पसंद करते हैं। हालांकि, बेहतर है व्यक्ति ऐसा न करे, क्योंकि ऐसा करने से व्यक्ति को पुरानी यादों से बाहर निकलने में मुश्किल हो सकती है और जीवन में आगे बढ़ने में दिक्कत हो सकती है। इससे व्यक्ति अपने पुराने रिश्ते में ही उलझकर रह जाएगा। इसलिए, बेहतर है अपने एक्स के सभी गिफ्ट्स और लव लेटर को खुद से दूर कर दें। शुरुआत में ऐसा करना थोड़ा मुश्किल भरा हो सकता है, लेकिन आगे चलकर इससे व्यक्ति को अपने एक्स और उसकी यादों से दूर होने में मदद मिल सकेगी।

13. रचनात्मक काम करें

ब्रेकअप के दुख से निकलने का अच्छा तरीका है कि व्यक्ति अपनी हॉबी या रचनात्मक चीजों में ध्यान लगाएं। इससे दिमाग को अपने पुराने रिश्ते के बारे में न सोचने में मदद मिलेगी। साथ ही साथ व्यक्ति को अपनी स्किल में भी बढ़ोतरी करने में आसानी होगी। क्रिएटिव चीजें करने से दिमाग को सुकून मिलता है और भावनाओं को निकालने का यह सबसे बेहतर माध्यम भी है।

14. मदद मांगें

कई लोग इस स्थिति को संभालने के लिए मदद मांगने में हिचकिचाते हैं, लेकिन यह गलत बात है। अगर व्यक्ति से हालात नहीं संभल रहे, तो वह अपने दोस्तों या फैमिली मेंबर से मदद ले सकता है। ऐसा करने से व्यक्ति खुद को अकेला महसूस करने से भी बचा पाएगा और हो सकता है कि किसी की सलाह काम आ जाए।

इसके अलावा, चाहें तो काउंसलिंग कराना भी बेहतर विकल्प हो सकता है। काउंसलिंग का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि व्यक्ति की मानसिक हालत ठीक नहीं है। काउंसलिंग एक थेरेपी की तरह है, जिसमें व्यक्ति अपनी परेशानियों को खुलकर एक विशेषज्ञ से साझा कर सकता है, जिसके बदले उसे समस्या का हल निकालने में मदद मिल सकती है। कहते हैं ना एक्स्पर्ट एडवाइस मददगार साबित हो सकती है। तो काउंसलिंग भी ऐसी ही एक एक्सपर्ट एडवाइस का विकल्प है।

15. धैर्य रखें

इस बात को समझ लें कि कोई भी बदलाव एक दिन में नहीं हो जाता। इसी तरह कोई भी दुख एक दिन में ठीक नहीं हो जाता। अक्सर लोग सोचने लगते हैं कि इतने दिन से वह अपने एक्स की यादों को भूलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा। यह सोचने के बाद वे और ज्यादा परेशान होने लगते हैं। हालात बदलने में समय लगता है, इस बात को समझने की कोशिश करें।

अब जानते हैं कि ब्रेकअप के बाद क्या नहीं करना चाहिए।

ब्रेकअप के बाद क्या ना करें? | Breakup Hone Ke Baad Kya Na Kare

ब्रेकअप के बाद क्या करना चाहिए, यह जानने के बाद अब बारी आती है ब्रेकअप के बाद क्या नहीं करना चाहिए यह जानने की। तो लेख के इस भाग में हम इसी विषय में जानकारी दे रहे हैं। ऐसे में नीचे बताई गई बातों को ब्रेकअप के बाद करने से बचें।

1. एक्स पार्टनर का पीछा न करें

कुछ लोग ब्रेकअप हो जाने के बाद भी अपने एक्स पार्टनर का पीछा करना नहीं छोड़ते। उन्हें लगता है कि इससे वह उसे वापिस पा लेंगे, लेकिन यह गलत ख्याल है। किसी को जबरदस्ती अपने साथ नहीं रखा जा सकता है, क्योंकि प्यार जबरदस्ती नहीं होता है। इससे उनके मन में सिर्फ और सिर्फ गुस्सा और परेशानी का भाव आएगा और कुछ हासिल भी नहीं होगा। वहीं, एकतरफा प्यार करने से सिर्फ दुख ही मिलेगा। इसलिए कभी भी व्यक्ति को अपने एक्स का पीछा नहीं करना चाहिए, यहां तक कि सोशल मीडिया पर भी कभी अपने एक्स के अकाउंट में ताका-झांकी नहीं करनी चाहिए।

2. प्यार को एकदम दोस्ती में न बदलें

कुछ लोगों को लगता है कि अगर ब्रेकअप के बाद हम कपल नहीं रह सकते, तो दोस्त बनकर साथ रह लेते हैं। मगर यह तरीका अधिकतर लोगों के लिए कारगर साबित नहीं होता। प्यार से निकलना और स्थिति को सामान्य करना इतना आसान नहीं है। ऐसे में व्यक्ति बाहर से तो दोस्त बने रहने की कोशिश करता रहेगा, लेकिन अंदर से दुखी होता रहेगा। इसलिए, बेहतर है अपनी सहजता के अनुसार ही फैसला लें।

3. एक्स के नये पार्टनर से खुद की तुलना न करें

कई लोग खुद को अपने एक्स पार्टनर के नये साथी से कंपेयर करने लगते हैं। ऐसे समय में होता यह है कि वे खुद की कमियों और गलतियों के बारे में ज्यादा सोचना शुरू कर देते हैं। नतीजा, गम बढ़ता चला जाता है। खुद की तुलना करके सिर्फ और सिर्फ खुद को दुख पहुंचता है। इसलिए अपने एक्स के नये साथी से खुद की तुलना बिल्कुल न करें।

4. सोशल लाइफ प्रभावित न होने दें

ब्रेकअप के बाद लोग खुद को एक कमरे में या सीमाओं में कैद कर लेते हैं। ऐसे में वे अन्य लोगों से मिलना-जुलना या बातचीत करना बंद कर देते हैं और अपनी सोशल लाइफ खत्म कर लेते हैं। किसी के जाने से कभी जिंदगी नहीं रुकती। इसलिए सोशल लाइफ को वैसे का वैसा ही बनाए रखें। इससे ब्रेकअप के गम को भूलने और जिंदगी में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

5. तुरंत डेटिंग शुरू न करें

दिल टूटने के बाद लोग तुरंत डेटिंग शुरू कर देते हैं या नया पार्टनर तलाशने लगते हैं। उन्हें लगता है कि नया पार्टनर मिलने से वह ठीक हो जाएंगे। कई बार तो एक्स को दुख देने के लिए भी व्यक्ति किसी नये रिश्ते को अपना लेते हैं, लेकिन एक्स को दुख देते-देते वे खुद भी दुखी हो जाते हैं। साथ ही जाने-अनजाने में अपने नये पार्टनर को भी खुश नहीं रख पाते हैं। अगर व्यक्ति तुरंत पार्टनर तलाशेंगे तो अतीत को इस नये रिश्ते में आने से नहीं रोक पाएंगे। इस दौरान हो सकता है व्यक्ति अपने एक्स की आदतों की तुलना अपने नये साथी से करने लगे, क्योंकि इस दौरान व्यक्ति कहीं न कहीं अपने अतीत से जुड़ा रहता है। ऐसे में इससे नया रिश्ता भी खराब हो सकता है।

6. दर्द भरे गाने या फिल्में न देखें

ब्रेकअप के बाद क्या करें, तो हमेशा दर्द भरे गाने या फिल्में न देखें। कई बार जब कोई उदास होता है, तो ऐसे गाने या फिल्में देखना पसंद करता है और खुद को उनसे जोड़ने लगता है। इसके अलावा, लोग कई बार मिस यू शायरी या मिस यू स्टेटस या कोट्स भी सोशल मीडिया पर शेयर करने लगते हैं। ऐसा करने से व्यक्ति न सिर्फ पुराने वक्त में फंसा रह जाता है, बल्कि अपने एक्स की यादों से निकल भी नहीं पाता है। वहीं, उनकी यह स्थिति उनके करीबियों के लिए भी चिंता और दुख का कारण बन जाती है।

7. न सोचें कि ब्रेकअप के बाद एक्स कैसा/कैसी होगा

अक्सर लोग ब्रेकअप के बाद यह सोचने लगते हैं कि उनका एक्स ब्रेकअप के बाद क्या कर रहा होगा या कैसा फील कर रहा होगा। मगर ऐसा सोचने से कोई फायदा नहीं मिलने वाला है, बल्कि उनके बारे में सोच-सोचकर मन और दुखी होता रहेगा। इसलिए नई चीजों और सकारात्मक बातों पर फोकस करना बेहतर है।

8. नशे में न डूबें

ब्रेकअप की यादों को भुलाने के लिए लोग नशा करने लगते हैं। इससे यादें तो नहीं मिटती, बल्कि नशे की लत जरूर लग जाती है। इस वजह से व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है। एक समस्या से दूर जाने के लिए दूसरी समस्या को गले लगाना बिल्कुल समझदारी नहीं है।

हमने इस आर्टिकल में यह बताने की कोशिश की है कि ब्रेकअप के बाद क्या करें और क्या नहीं। उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। ध्यान रखें कि ब्रेकअप के बाद जिंदगी बेकार या खत्म नहीं हो जाती है। थोड़ी हिम्मत और थोड़ा धैर्य रखने से ब्रेकअप के गम से निकला जा सकता है। इसलिए, बेहतर है सच्चाई को अपनाकर आगे बढ़ें और नई-नई चीजों पर ध्यान केंद्रित करें। अगर आपका भी कोई जानने वाला ब्रेकअप के गम को झेल रहा है तो इस लेख को उनके साथ साझा कर, उन्हें इस परेशानी से निकलने की हिम्मत दें। ऐसे ही अन्य दिलचस्प आर्टिकल पढ़ने के लिए मॉमजंक्शन की वेबसाइट विजिट करते रहें।

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.