कैसे जानें लड़की आपको पसंद करती है या नहीं? | Kaise Pata Kare Ki Ladki Pyar Karti Hai Ya Nahi

कैसे जानें लड़की प्यार करती है या नहीं, ये सवाल अक्सर लड़कों के मन में चलता रहता है। अब हो भी क्यों न, लड़की प्यार करती है, लेकिन कई बार वह खुलकर इसका इजहार नहीं कर पाती है। हां, कुछ इशारे जरूर देती है, जिसे बस समझने की देर है। ऐसे में लड़की प्यार करती है या नहीं, इसी विषय में जानकारी साझा कर रहे हैं मॉमजंक्शन के इस लेख में। यहां हम कुछ खास टिप्स लेकर आए हैं, जिससे लड़के समझ सकें कि जिस लड़की को वे पसंद करते हैं, वो लड़की प्यार करती है या नहीं। तो बिना देर करते हुए पढ़ें यह मजेदार लेख।

तो शुरुआत करते हैं लड़की के दिल का हाल जानने वाले संकेतों से।

कैसे जानें लड़की प्यार करती है या नहीं? | Kaise Pata Kare ki Ladki Pyar Karti hai ya nahi

इस लेख में हम 10 से भी ज्यादा इशारे बता रहे हैं, जिनके बारे में जानकर लड़के यह जान सकेंगे कि जिस लड़की से वे प्यार करते हैं, वो लड़की प्यार करती है या नहीं। हालांकि, जरूरी नहीं लड़की के सारे इशारे प्यार का ही संकेत हो। कुछ इशारे ऐसे भी हो सकते हैं कि लड़की लड़के को अपना अच्छा दोस्त मानती हो। हालांकि, इसमें मायूस होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कभी-कभी दोस्ती भी प्यार की पहली सीढ़ी हो सकती है। तो बिना देर करते हुए इन टिप्स की मदद से जानिए लड़की प्यार करती है या नहीं। ये टिप्स कुछ इस प्रकार हैं:

1. शर्माना

लड़कियां चाहे कितनी भी दिलेर क्यों न हो, लेकिन जिससे वो प्यार करती हैं उसके सामने आते ही वो एकदम सचेत हो जाती हैं। उनके मन में जिनके लिए फीलिंग्स होती है, उसके सामने आते ही वे शर्म से लाल हो जाती हैं और कई बार अपने सामान्य व्यवहार से बिल्कुल अलग बर्ताव करने लगती हैं। कई बार तो वे हड़बड़ा भी जाती हैं। तो ऐसे में अगर आप भी किसी लड़की को पसंद करते हैं और वो आपके सामने आते ही थोड़ा शर्माती और झिझकती है, तो हो सकता है वो आपको स्पेशल मानती हो। इसलिए, उनके व्यवहार पर जरूर ध्यान दें।

2. प्यार भरी लड़ाइयां

कहते हैं, जहां नाराजगी व लड़ाई-झगड़ा होता है प्यार भी वहीं पनपता है और गुस्सा और नाराजगी तो प्यार और जज्बातों को छिपाने के सबसे बड़े हथियार हैं। इसलिए कई बार लड़कियां जिसे सबसे ज्यादा पसंद करती हैं, उससे छोटी-मोटी नोकझोंक करने से भी नहीं हिचकिचाती हैं। अब गुस्सा भी तो उन्हीं से होते हैं, जिन्हें हम अपना समझते हैं। ऐसे में बात-बात पर नाराज हो जाना, छोटी-छोटी बात पर बहस करने लगना या दिखावे का गुस्सा करना। ऐसा अक्सर लड़कियां जिसे वो प्यार करती हैं उससे अपनी फीलिंग्स छिपाने या फिर उनका अटेंशन पाने के लिए भी करती हैं।

3. पहले प्रतिक्रिया देना

जिससे हम प्यार करते हैं हमारी पूरी दुनिया उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। उनसे जुड़ी हर एक बात व हर एक चीज हमारे लिए मायने रखती है। इसलिए अगर आप कुछ कहते हैं या कुछ करते हैं तो आपको पसंद करने वाले व्यक्ति की प्रतिक्रिया अक्सर सबसे पहले आना लाजमी है, क्योंकि उनकी निगाहें और ध्यान आप पर ही टिकी रहती है। ऐसे में अगर कोई लड़की किसी लड़के को पसंद करती है तो उसका ध्यान भी लड़के की बातों पर रहता है और वो हमेशा उन्हें प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहती हैं। तो अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा हो तो आपको लड़की के इस इशारे को समझने की जरूरत है।

4. बातों को याद रखना

अगर आपकी कही हर बात उन्हें याद हो और आपकी हर बात को वो गंभीरता से लेती हैं तो हो सकता है उनके दिल में आपके लिए मोहब्बत हो। दरअसल, जिन्हें हम प्यार करते हैं उनकी हर बात हमारे लिए मायने रखती है। ऐसे में हो सकता है कि कुछ बातें जो कभी आपने उनसे मजाक में कह दी हों या फिर जो बातें आपके ध्यान में भी न हो, उन बातों से वो प्रभावित हो रही हो। ऐसे में अगर आपकी भी महिला मित्र आपकी हर बात को याद रखती हैं तो हो सकता है आप उनके लिए एक स्पेशल व्यक्ति हों।

5. केयर करना

लड़कियों का स्वभाव अधिकतर केयरिंग होता है। इसलिए जिसे वो प्यार करती हैं उसकी केयर करना वो अच्छे से जानती हैं। ऐसे में जब लड़की लड़के का ज्यादा ख्याल रखने लगे, चिंता करे और बीमार होने पर दवाइयां पहुंचाने तक आ जाए, तो इसका मतलब लड़की के दिल में लड़के के प्रति कोई न कोई भाव जरूर है। ऐसे में लड़के को भी उनके इन छोटे-छोटे इशारों को समझना होगा कि वो उनके लिए खास हैं। प्यार के रिश्ते की शुरुआत, कहीं न कहीं केयर से ही शुरू होती है।

6. रुचि दिखाना

जिसे हम प्यार करते हैं उसकी हर बात हमें खुश कर देती है। उनसे जुड़ी हर बात को हम जानना चाहते हैं ताकि उन्हें और बेहतर तरीके से समझ सकें। ऐसे में अगर उन्हें भी आपकी जिंदगी में बहुत रुचि है और वो आपसे जुड़ी हर बात जानना चाहती हैं जैसे आपके दोस्त कौन हैं, आपके परिवार के कितने सदस्य हैं, आप कितने भाई-बहन हैं, आपको क्या पसंद है क्या नहीं वगैरह-वगैरह जैसे अनगिनत सवाल, तो समझ लीजिए कि आप उनके लिए स्पेशल हैं।

7. अक्सर मैसेज करना

दोस्त अधिकतर काम को लेकर ही मैसेज या कॉल करते हैं। ऐसे में अगर कोई लड़की किसी लड़के को कोई खास काम न होने पर भी अक्सर मैसेज या कॉल करे, चाहे वो सिंपल गुड मॉर्निंग मैसेज या हाय, हेलो ही क्यों न हो। तो ये भी एक संकेत हो सकता है कि वो उस लड़के को पसंद करती है। ऐसा पॉसिबल है कि वो लड़की करीब आने और बात करने के बहाने तलाश रही हो।

8. बुरे जोक पर भी हंसना

कोई भी इंसान परफेक्ट नहीं होता, लेकिन जिसे हम प्यार करते हैं उनसे परफेक्ट हमारे लिए पूरी दुनिया में कोई नहीं होता। उदाहरण के लिए अगर आप कोई चुटकुला या फिर कोई किस्सा सुनाते हैं जो बहुत बेकार है, लेकिन वो आपके बुरे से बुरे जोक पर भी हंसती हैं। ऐसा वो आपको अच्छा महूसस कराने के लिए करती है, ताकि आपको बुरा न लगे। तो हो सकता है उनके दिल में आपके लिए खास जगह हो। अब हंसी-मजाक करना भी तो प्यार की पहल करने का तरीका है। वो कहते हैं ना कि प्यार ही इंसान को इतना अंधा बना सकता है कि वो सामने वाले के बुरे से बुरे जोक पर भी हंसने लगे।

9. ध्यान खींचने की कोशिश करना

जिसे हम प्यार करते हैं उसका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए हम कई बार ऐसा कुछ करने लगते हैं जो हमारे वास्तविक व्यक्तित्व से अलग होता है। जैसे जो हमेशा धीमे बात करता या करती हो क्रश के सामने आते ही उनका वॉल्यूम थोड़ा बढ़ जाता है, ताकि उन्हें अटेंशन मिल सके। वहीं, लड़कियों के मामलों में वो अपने प्यार का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए वो सजने-संवरने से लेकर जींस टॉप छोड़कर सलवार सूट तक पहनने पर आ जाती हैं। ऐसे में लड़की के आपको रिझाने के इन संकेतों को समझना आपका काम है।

10. संकेत देना

कई लड़कियों को शब्दों से खेलने में महारत हासिल होती है। लड़की चुपके-चुपके प्यार तो करती हैं, लेकिन मोहब्बत का इजहार सामने वाले के मुंह से सुनना चाहती हैं। ऐसे में वो कई बार डायरेक्ट या इनडायरेक्ट कुछ ऐसी बातें कह जाती हैं जिसके मतलब को समझना थोड़ा पेचीदा हो सकता है। जैसे अक्सर मिस यू मैसेज, आई नीड यू मैसेज, जैसे संदेश भेजना ताकि लड़का भी उनके दिल के संकेतों को समझ सके। ऐसे में अगर आपकी भी कोई महिला मित्र सोते-जागते आपको मैसेज करती है तो हो सकता है आप उनके लिए खास हैं। शायद वो चाहती हैं कि उनकी दिन की शुरुआत आपसे ही बात कर के हो।

11. जलन महसूस करना

जहां प्यार होता है वहां जलन होना तो स्वाभाविक है। ऐसे में जिसे आप पसंद करते हैं वो आपको छोड़कर किसी और के साथ ज्यादा समय बिताए तो जलन तो होगी ही। अगर आपके किसी और लड़की से खुल के बातें करने पर वो जलन महसूस करती हैं तो हो न हो वो जरूर आपको पसंद करती हैं। लड़की जलन महसूस कर रही है इसका पता आप उनके स्वभाव में बदलाव से लगा सकते हैं। अचानक बहस करने लग जाना या फिर तुलना करना, लड़के के किसी महिला मित्र के तारीफ करने से नाराज हो जाना या खुद को उससे बेहतर बताना, जैसे साइन से लड़के लड़कियों में जलन के भाव को पता लगा सकते हैं।

12. वक्त बिताने के बहाने ढूंढना

जिसे हम प्यार करते हैं उसके साथ बिताया हर एक लम्हा खास होता है। हम ऐसा कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहते जब हमें उन्हें जानने और समझने का मौका मिले। ऐसे में अगर लड़की आपके साथ अकेले समय बिताने के बहाने ढूंढती है, जैसे आपके साथ अकेले वॉक पर जाने के लिए कहना, बस में आपकी बगल वाली सीट पर ही बैठना, दोस्तों के बीच भी हमेशा आपको ही अपना पार्टनर चुनना आदि। तो ये वो बहाने हो सकते हैं जिससे वो आपके करीब आने और आपको जानने की कोशिश कर रही हो।

13. देखते रहना

अगर लड़की हमेशा आपको देखती रहती हो, तो हो सकता है वो आपको पसंद करती हो। अपने प्यार की एक झलक पाने के लिए लोग घंटों उनका इंतजार करते हैं और सैकड़ों की भीड़ में भी उन्हें निगाह भर देखने से ही पहचान लेते हैं। ऐसे में अगर वो भी आपको चोरी-छिपे देखती हैं, आपके समय सारणी के अनुसार अक्सर आपसे टकरा जाती हैं तो ये जरूरी नहीं कि ये सिर्फ एक संयोग हो।

14. नखरे दिखाना

नखरे दिखाना तो जैसे लड़की का जन्मसिद्ध अधिकार होता है। उन्हें कोई चीज चाहे कितनी ही पसंद क्यों न हो, लेकिन दिखावे के लिए एक दो बार ना नुकुर तो वो कर ही लेती हैं। अक्सर जिसे लड़कियां प्यार करती हैं उनका ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए या फिर अपनी इमेज को मेंटेन रखने के लिए थोड़े नखरे दिखा सकती हैं। ऐसी स्थिति में उनके दिल को भांपना थोड़ा मुश्किल हो जाता, है लेकिन अगर आप कोशिश करेंगे तो उनके मन की बात जरूर जान पाएंगे।

15. इग्नोर करना

जिसे प्यार करते हैं उसे इग्नोर करना सुनने में बेशक बेतुका सा लगे, लेकिन सच मानिए लड़कियां ऐसा भी करती हैं। शुरुआत में जब वो किसी को चाहने लगती हैं और अपने एहसासों को लेकर असमंजस में होती हैं तो वो उस खास व्यक्ति को इग्नोर भी कर सकती हैं। इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं कि वो पसंद नहीं करती। इस स्थिति में वे उस खास लड़के को अट्रैक्ट करने या फिर अपने एहसासों को दबाने के लिए उसे इग्नोर कर सकती हैं।

16. बात याद रखना

अगर आपकी कही और आपसे जुड़ी हर बात उन्हें याद रहती है तो हो सकता है वो आपको पसंद करती हों। जिसे चाहते हैं उनकी कही हर बात हमारे लिए मायने रखती है। ऐसे में अगर लड़की आपकी कही हर बात चाहे वो आपने मजाक में कही हो या फिर आपसे जुड़े किस्से की हर एक डिटेल याद रखती है तो हो सकता है आप उनके समवन स्पेशल हों।

17. पसंद का ख्याल रखना

इसमें कोई शक नहीं कि अधिकतर लड़कियां केयरिंग नेचर की होती हैं। ऐसे में जिसे वो प्यार करती हैं उनकी केयर करना तो लाजमी है। अगर लड़की आपकी हर पसंद का ख्याल रखती है तो हो सकता है कि उसे भी आपसे प्यार हो। लड़कियां अक्सर जिन्हें प्यार करती हैं उनकी हर छोटी-छोटी बातों को नोटिस करने के साथ ही उनकी हर पसंद-नापसंद का भी ख्याल रखती हैं। इनमें आपका फेवरेट कलर, फेवरेट फूड, फेवरेट प्लेस से लेकर हर वो डिटेल शामिल हो सकता है, जिसके जरिए वो आपको जान सकती हैं। तो अगर आपकी कोई खास दोस्त जिसे आप पसंद करते हैं, आपके हर पसंद-नापसंद का ख्याल रखती है तो हो सकता है वो आपको दोस्त से भी ज्यादा खास समझती हो।

18. कभी बोर न होना

जिनसे आप प्यार करते हैं उनकी हर बात हमारे कानों में मिश्री घोलती हैं। उनके साथ समय कैसे बीत जाता है पता ही नहीं चल पाता। ऐसे में अगर कोई लड़की आपकी बकवास से बकवास बातें भी बिना बोर हुए सुन सकती है तो हो सकता है कि आप उनके लिए खास हों। लड़कियां अक्सर शब्दों में इजहार नहीं करने से कतराती हैं, लेकिन ये छोटे-छोटे से संकेत आपको उनके दिल का हाल बयां कर सकते हैं।

19. आपकी पसंद के कपड़े पहनना

आपका ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए अगर लड़की आपकी पसंद के कपड़े पहनने लगे तो समझ जाना चाहिए कि आप उनके लिए स्पेशल हैं। जैसे कि आपने कभी उनकी किसी ड्रेस की तारीफ की हो या फिर किसी परिधान को लेकर कहा हो कि लड़कियों में आपको साड़ी, सूट या फिर अन्य परिधान पसंद हैं। फिर वो आपकी पसंद के अनुसार अपनी ड्रेसिंग स्टाइल चेंज करने लगे, तो ये उनका इशारा हो सकता है कि वो अब आपकी पसंद को अपनी पसंद बना रही है।

20. खाना बनाना

कहते हैं कि किसी भी पुरुष के दिल का रास्ता पेट से होकर गुजरता है। ऐसे में लड़कियां अक्सर जिन्हें प्यार करती हैं उन्हें इंप्रेस करने के लिए उनकी पसंद का खाना बनाती हैं, ताकि वो उनके दिल में जगह बना सकें। ऐसे में अगर कोई लड़की बार-बार आपके लिए टिफिन ला रही है और हमेशा खाना आपकी ही पसंद का होता है तो समझ जाइए उनके दिल में भी आपके लिए प्यार है।

लड़कियां अक्सर अपने दिल की बात को सीधे कहने से और प्यार का इजहार करने से झिझकती हैं। इसलिए हो सकता जिसे आप प्यार करते हों वो भी आप पर जान छिड़कती हो, लेकिन हामी भरने से डरती हो। ऐसे में आप ऊपर लेख में दिए संकेतों के जरिए पता लगा सकते हैं कि उनके मन में आप कितनी खास जगह रखते हैं। हमें उम्मीद है कि आर्टिकल में दिए ये टिप्स आपके काम जरूर आएंगे। इस तरह के और भी बेहतरीन लेख पढ़ने के लिए मॉमजंक्शन से जुड़े रहें।

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.