20+ पति पत्नी के रिश्ते में होने वाली समस्या व उनके समाधान | Husband Wife Relationship Problem And Solution In Hindi

पति पत्नी के बीच जितना प्यार होता है, उतना ही इस रिश्ते में तकरार भी होती है। छोटे-मोटे झगड़े होना तो चलता है, लेकिन कई बार ये झगड़े काफी बढ़ जाते हैं। इससे दोनों के बीच दूरियां आ जाती हैं। ऐसे में मॉमजंक्शन के इस लेख में हम पति पत्नी के रिश्ते में होने वाली 20 से ज्यादा कुछ आम समस्याओं के बारे में बता रहे हैं। साथ ही उनके समाधान के बारे में बताएंगे।

चलिए पढ़ना शुरू करते हैं पति पत्नी के रिश्ते की समस्या और उनके समाधान।

20+ पति पत्नी के रिश्ते में समस्या व उनके समाधान | Pati patni ke riste mein hone wali common problem and solution

पति-पत्नी के जीवन में कई बार ऐसा मोड़ आता है, जब दोनों के बीच झगड़े काफी बढ़ जाते हैं। नीचे हम पति-पत्नी के रिश्ते में होने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इन परेशानियों पर वक्त रहते काम करके रिश्ते को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।

1. झूठ बोलना

पति पत्नी में से किसी एक का झूठ बोलना दोनों के रिश्ते में परेशानी का कारण बन सकता है। कई बार ऐसा आता है, जब पति या पत्नी को अपने दिनचर्या या किसी काम को लेकर झूठ बोलना पढ़ता है। ये झूठ अगर किसी तरह पार्टनर के सामने आ जाता है, तो दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा होना तय है। यदि ऐसा बार-बार हो रहा है, तो दोनों के रिश्ते में दरार आ सकती है।

समाधान: पति पत्नी के रिश्ते को बनाए रखने के लिए सबसे पहली बात जिसका दोनों पार्टनर को ध्यान रखना चाहिए वो यह कि दोनों एक-दूसरे से हर बात को लेकर पारदर्शिता रखें। भले ही बात कितनी बड़ी क्यों न हो, लेकिन आपका पार्टनर उसे समझेगा। फिलहाल का सोचते हुए रिश्ते को बचाने के लिए बोला गया झूठ सामने आने पर ज्यादा परेशानी खड़ी कर सकता है। अगर आपका झूठ दूसरों से उन्हें पता चलता है, तो उसे आपके पार्टनर को बहुत तकलीफ हो सकती है। खुद से बताने पर वो आपकी बात को समझ समझेंगे और इससे आपके रिश्ते में मधुरता बनी रहेगी।

2. भरोसा न करना

हर रिश्ते की बुनियाद भरोसे पर टिकी होती है। उसी प्रकार पति पत्नी का रिश्ता भी भरोसा पर ही कायम रहता है। अगर दोनों में से किसी एक के मन में पार्टनर के प्रति शक है, तो यह रिश्ते में दरार का कारण बन सकता है। शक के कारण शुरू हुई दोनों में छोटी-छोटी तकरार कब रिश्ते में एक बड़ी समस्या का रूप ले, इसका दोनों में से किसी को पता भी नहीं चलेगा।

समाधान: पति-पत्नी के रिश्ते में विश्वास होना बहुत जरूरी है। भरोसा न करने के कारण उत्पन्न समस्या को दूर करने के लिए एक-दूसरे को अपनी दिनचर्या के बारे में बताएं। अगर किसी दोस्त के साथ बाहर जा रहे हैं, तो उन्हें भी साथ में लेकर जाएं। इससे उन्हें समझ आ जाएगा कि आप उनसे कितना प्यार करते हैं और उनपर कितना भरोसा करते हैं।

3. एक-दूसरे से बोर होना

शादी के कुछ समय के बाद कुछ कपल्स को रिश्ते में बोरियत महसूस होने लगती है, जिसके चलते बात-बात पर नोकझोक होना सामान्य बात है। रोजाना एक रुटीन को फॉलो करते रहने की वजह से उन्हें रिश्ते में किसी तरह के नयापन का एहसास नहीं होता है। इससे देखते ही देखते दोनों के संबंध कमजोर होने लगते हैं।

समाधान: रोजमर्रा की जिंदगी से हटकर कुछ पल अपने रिश्ते को संवारने के लिए निकालना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में एक दूसरे के प्रति एक्साइटमेंट को बनाए रखने के लिए समय निकालकर क्वालिटी टाइम स्पेंड करें। महीने में एक बार दोनों बाहर डिनर के लिए जाएं। वापस लौटते समय दोनों लॉन्ग ड्राइव पर भी जा सकते हैं। साल में एक से दो बार छुट्टियां प्लान कर सकते हैं।

4. बातों में कमी

बातचीत ही तो लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखती है। माना दोनों पार्टनर अपने-अपने दफ्तर के काम से लेकर दूसरी जिम्मेदारियों के चलते एक दूसरे के लिए समय नहीं निकाल पाते हैं, लेकिन अगर पार्टनर से बात होना कम हो जाए तो इससे संबंध कमजोर होने लगता है। अगर कोई कपल बहुत कम बात करता है, तो उन्हें लग सकता है कि अब उनके बीच में प्यार नहीं रहा। यही से रिश्ते में परेशानियों की शुरुआत हो सकती है।

समाधान: अपने रिश्ते को मजबूत बनाकर रखने और समस्याओं को दूर रखनें के लिए अपने पार्टनर के साथ हर दिन संवाद करें। उन्हें दिनभर क्या-क्या किया, इसके बारे में बताएं। व्यस्त दिनचर्या के बाद पति-पत्नी को एक-दूसरे के साथ कुछ प्यार भरी बातें जरूर करनी चाहिए।

5. बदलने का प्रयास

शादी के बंधन में बंधे दोनों लोग एक दूसरे से काफी अलग होते हैं। दोनों के सोच विचार, रहन सहन के तरीके अलग हो सकते हैं। ऐसे में कई बार पार्टनर एक दूसरे को अपने अनुसार बदलने की कोशिश करते हैं। इस बदलाव के चलते दोनों में बहस हो सकती है। इससे रिश्ते खराब हो सकते हैं।

समाधान: पार्टनर को बदलने के प्रयास न करें। आप उन्हें बता सकते हैं कि आपको क्या अच्छा लगता है व क्या पसंद नहीं आता है। जिन चीजों को बदलने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी, उन्हें वे खुद अपना लेंगे। उनकी किसी भी आदत को बदलने पर जोर न डालें। कुछ चीजों को आपको भी समझना होगा।

6. ईर्ष्या की भावना

वैसे तो हर पति पत्नी के बीच में बहुत प्रेम होता है, पर कई बार पति या पत्नी को उनके काम या लोगों के बीच में मिलने वाले सम्मान को लेकर ईर्ष्या होने लगती है। इस ईर्ष्या के चलते दोनों के बीच में वाद-विवाद हो सकता है। इसका असर उनके रिश्ते पर पड़ता है।

समाधान: पति-पत्नी के बीच में ईर्ष्या की भावना के कारण होने वाले समस्याओं को दूर करना है, तो दोनों में से जो ईर्ष्या की भावना रखता है उन्हें इस भावना को त्यागना होगा। दोनों पार्टनर्स को एक दूसरे को अहमियत देना सीखना होगा।

7. ध्यान न देना

पति पत्नी का एक दूसरे पर ध्यान नहीं देना भी रिश्ते में समस्या का कारण बन जाता है। दरअसल, जब पार्टनर एक दूसरे को अनदेखा करने लगते हैं, तो उनके रिश्ते खुद-ब-खुद बिगड़ने लगते हैं। दोनों में से किसी एक का भी अगर पार्टनर पर ध्यान नहीं है, तो यह रिश्ते में कलह का कारण बन सकता है।

समाधान: पार्टनर पर ध्यान न देने के कारण रिश्ते में आई कड़वाहट को दूर करने के लिए पति-पत्नी को एक दूसरे के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहिए। एक दूसरे की बातों को ध्यान से सुनना चाहिए। आपके पार्टनर को जब भी आपकी जरूरत है आपको उनके लिए हर दफा वहां मौजूद होना चाहिए। इससे आपका पार्टनर इग्नोरेड महसूस नहीं करेगा और दोनों के रिश्ते को लेकर हो रही परेशानी कम हो सकती है।

8. सराहना की कमी

पति पत्नी एक दूसरे के लिए बहुत कुछ करते हैं, पर कई बार वो एक-दूसरे के द्वारा किए गए कुछ कामों की सराहना करना भूल जाते हैं। इससे दूसरे पार्टनर के मन में यह भावना आ सकती है कि आप उनके काम को महत्व नहीं दे रहे हैं। इसे लेकर कई बारी कपल्स के बीच में लड़ाई भी हो जाती है, जिससे कि दोनों के संबंध में समस्या उत्पन्न हो जाती है।

समाधान: आप दोनों के इस प्यारे से रिश्ते में यह समस्या तब नहीं होगी, जब उनके द्वारा किए गए किसी भी काम के लिए आप उनकी सराहना करेंगे और उन पर प्यार जताएंगे। इससे उन्हें इस बात का एहसास होगा कि आप उनके हर छोटे कदम पर ध्यान रखते हैं और इसका महत्व समझते हैं।

9. तनाव

तनाव व्यक्तिगत हो या काम को लेकर अच्छे खासे रिश्ते में दूरियों का कारण बन सकता है। जो लोग बहुत तनाव में रहते हैं, वो छोटी छोटी बातों को लेकर पार्टनर संग लड़ने लगते हैं। उनका व्यवहार हर समय चिडचिड़ा रहता है। ऐसे में पति-पत्नी के रिश्ते में समस्या उत्पन्न हो सकती हैं।

समाधान: अगर दोनों में से कोई एक पार्टनर तनाव में है, तो बेहतर होगा वो बात-बात पर गुस्सा करने की बजाय इसे लेकर अपने पार्टनर से बात करें। इससे सामने वाला आपके तनाव को कम करने की कोशिश करेगा। आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि तनाव से जूझ रहे व्यक्ति को ज्यादा परेशान नहीं करना चाहिए। जब तनाव कम हो जाएगा, तो रिश्ते खुद-ब-खुद ठीक हो सकते हैं।

10. आर्थिक समस्या

पति पत्नी के रिश्ते में हो रही समस्या का एक कारण आर्थिक तंगी भी हो सकता है। जब व्यक्ति के पास अपने दैनिक खर्चे के लिए पैसे नहीं होते हैं, तो उसका परेशान होना लाजमी है। कई बार ऐसी स्थिति में बिना वजह के भी पार्टनर पर गुस्सा निकल सकता है। ऐसे में दोनों के रिश्ते में खटास आना तय है।

समाधान: इस परेशानी को दूर करने के लिए अपने पार्टनर की आर्थिक स्थिति को समझें। हो सकता है तो घर के खर्चों में उनका हाथ बटाएं। अगर आपके पास कमाई का कोई साधन नहीं है, तो उनकी आर्थिक सहायता करने के लिए कुछ वक्त तक अपनी जरूरतों को सीमित कर सकते हैं। इससे पार्टनर भी समझेगा कि आप उनके लिए कुछ चीजों का त्याग कर रहे हैं, जिसे देखकर उनका आपके प्रति प्यार पहले से भी ज्यादा होगा।

11. पारिवारिक समस्या

कई बार पारिवारिक मुद्दे भी पति पत्नी के रिश्ते में समस्या उत्पन्न कर सकते हैं। दरअसल, कई बारी पत्नी या पति एक दूसरे के परिवार के रिती रिवाज और रहन-सहन को अपना नहीं पाते हैं, जिस वजह से उनके बीच में कलेश होने लगता है। इस वजह से भी पति-पत्नी का रिश्ते खराब हो सकता है।

समाधान: शादी के बाद परिवार के तौर-तरीकों को अपनाने के कारण आप दोनों के आपसी रिश्ते खराब हो रहे हैं, तो दोनों को इस बात को समझना होगा। कुछ चीजें आप अपनाने की कोशिश कर सकती हैं, तो कुछ आपके पार्टनर समझ सकते हैं और परिवार के लोगों को भी समझा सकते हैं। दोनों लोग झगड़ा करने की बजाय साथ बैठकर बात कर हर मुसीबत का हल निकाल सकते हैं। इससे परिवार वालों से वाद विवाद होने से बचा जा सकता है और रिश्ते को ठीक किया जा सकता है।

12. दोनों के बीच दूरी

जब लोग एक-दूसरे से दूर रहते हैं, तो उनके रिश्ते में दरार आने लगती है। ऐसा पति पत्नी के रिश्ते में भी हो सकता है। जब पति पत्नी अपने काम की वजह से या किसी अन्य कारणवस एक-दूसरे से दूर रहते हैं, तो दोनों लोग आपस में अच्छे से समय नहीं बिता पाते हैं। इसका असर दोनों के रिश्ते पर भी पड़ता है।

समाधान: इस समस्या का समाधान तभी हो सकता है जब लॉन्ग डिस्टेंस में रहने वाले कपल्स समय-समय पर एक दूसरे से मिलते रहें। दिनभर दफ्तर में रहने के बाद शाम को एक दूसरे को फोन पर अधिक से अधिक समय दें। त्योहार व खास मौकों को एक दूसरे के साथ मनाने का प्रयास करें।

13. प्राथमिकता न देना

कुछ लोग शुरुआत में तो अपने पार्टनर को बहुत प्राथमिकता देते हैं, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें अनदेखा करने लगते हैं। रिश्ते में समस्या पैदा होने का एक कारण यह भी हो सकता है। अगर कोई अपने पार्टनर को प्राथमिकता देना कम देता है, तो इससे सामने वाले का नाराज होना तय है और यही से कलह की शुरुआत हो सकती है।

समाधान: यदि आपको लग रहा है कि आप पार्टनर को प्राथमिकता नहीं दे रहे हैं और इससे आप दोनों के रिश्ते में दिक्कते आ रही हैं, तो वक्त रहते अपनी गलती को समझें और पार्टनर को ज्यादा से ज्यादा प्राथमिकता दें। उनकी हर बात को ध्यान से सुनें और समझें।

14. सोशल मीडिया

आज के समय में रिश्तों को कमजोर बनाने में सोशल मीडिया अहम भूमिका निभा रहा है। कई बार देखा गया है कि लोग सोशल मीडिया में व्यस्त रहने के कारण अपने रिश्तों पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। इससे पति पत्नी के बीच में लड़ाई झगड़े बढ़ सकते हैं।

समाधान: यदि आप दोनों के रिश्ते में सोशल मीडिया की वजह से समस्या उत्पन्न हो रही है, तो आपको समझना होगा कि यह आपके रिश्ते से बढ़कर नहीं है। ऐसे में बेहतर होगा कि दिनभर में सोशल मीडिया को इस्तेमाल करने का एक समय निर्धारित कर लें।

15. अहंकार

अहंकार अच्छे से अच्छे परिवार और रिश्ते को बर्बाद कर देता है। अगर दोनों में से कोई एक अहंकारी है, तो पार्टनर संग उसका रिश्ता ज्यादा दिन टिक नहीं पाता है। दरअसल, अहंकारी लोग छोटी-छोटी बातों को लेकर घमंड करने लगते हैं। इससे पत्नी या पति की वैल्यू भूल सकते हैं, जिससे कि दोनों के रिश्ते में समस्या उत्पन्न हो सकती है।

समाधान: अहंकार रिश्ते को कमजोर कर सकता है। इसलिए रिश्ते को बनाए रखने के लिए अहंकार त्यागना होगा और पार्टनर संग प्यार से रहना होगा। कभी आपके व्यवहार के कारण दिक्कत हो भी जाती है, तो अपने पार्टनर को इस बात का एहसास दिलाएं कि उनके लिए आप कितने खास हैं। आपकी समस्या पल भर में दूर हो जाएगी।

16. काम में हाथ न बटाना

दोनों में से कोई एक पार्टनर काम करता रहे और दूसरा आराम फरमाता रहे, तो दोनों के बीच क्लेश होना लाजमी है। इससे कई बार सामने वाला अपना आपा खो सकता है। पति-पत्नी में इस कारण से समस्या होना बहुत आम है।

समाधान: काम में हाथ न बटाने को लेकर कपल्स में होने वाली परेशानी को दूर करने का एकमात्र तरीका यह है कि पार्टनर के बोले बिना ही उनके काम में हाथ बटाए। इससे उन्हें अच्छा लगेगा और दोनों के रिश्ते में सुधार आएगा।

17. गलतफहमी होना

गलतफहमी भी कई रिश्ते को तोड़ने या कमजोर कर सकती है। दरअसल, कई बार किसी चीज को लेकर पति या पत्नी के बीच में गलतफहमी हो जाती है। इससे दोनों एक दूसरे से बातों को छुपाने लगते हैं। नतीजन दोनों के रिश्ते में खटास आ सकती है।

समाधान: इसका समाधान यह है कि हर बात को लेकर एक दूसरे में पारदर्शिता रखें। उन्हें कोई गलतफहमी है, तो उनसे बात करके उसे दूर करने का प्रयास करें। इससे दोनों के बीच किसी तरह की परेशानी नहीं रहेगी और रिश्ते में सुधार होगा।

18. बात-बात पर टोकना

कई लोगों की पार्टनर को बात-बात पर टोकने की आदत होती है। आपका यह बर्ताव सामने वाले को गुस्सा दिला सकता है। गुस्से में लोग कुछ भी कह सकते हैं, जिससे रिश्ते खराब हो सकते हैं।

समाधान: ऐसे में पत-पत्नी को एक दूसरे के काम को लेकर टोकने से बचना चाहिए। साथ ही पार्टनर के काम की प्रशंसा करने की कोशिश करें। आप दोनों के बीच की आधी समस्या ऐसे ही दूर हो जाएंगी।

19. बातें थोपना

पति-पत्नी के रिश्ते में समस्या का एक कारण पार्टनर पर जबरदस्ती अपने विचार को थोपना भी हो सकता है। ऐसे में सामने वाला एक या दो बार आपकी बातों को मान सकता है, पर बार-बार ऐसा करने पर दूसरे पार्टनर को गुस्सा आ सकता है। इससे दोनों के रिश्ते में समस्या होने लगती है।

समाधान: इस समस्या से बचने के लिए बेहतर होगा कि पार्टनर पर अपने विचारों को थोपने से बचें। वहीं, रिश्ते को मजबूत रखने के लिए किसी को भी डोमिनेट नहीं करना चाहिए।

20. बेवफाई करना

पति पत्नी के रिश्ते में समस्या होने का एक कारण बेवफाई भी है। पति-पत्नी का रिश्ता ऐसा होता है, जिसमें एक व्यक्ति पार्टनर की हर गलती माफ कर सकता है, पर पार्टनर द्वारा की गई बेवफाई कभी बर्दाश नहीं कर सकता है। ऐसे में दोनों में से कोई एक पार्टनर के साथ बेवफाई कर रहा है, तो इससे दोनों के रिश्ते खराब हो सकते हैं।

समाधान: इस समस्या को दूर करने की संभावना कम होती है। इसका समाधान सिर्फ इतना है कि कभी भी अपने पार्टनर को धोखा न दें। पति-पत्नी के इस पवित्र रिश्ते को हमेशा ईमानदारी के साथ निभाए।

21. सम्मान न करना

पति हो या पत्नी, हर कोई चाहता है कि उनका पार्टनर उनको सम्मान देकर बात करें। कई बार देखा जाता है कि पति पत्नी के साथ या पत्नी पति को सम्मान देकर बात नहीं करते हैं। ऐसा करना बिल्कुल गलत है। शादीशुदा जीवन में समस्या पैदा होने का एक कारण यह भी हो सकता है।

समाधान: पति हो या पत्नी, हर किसी को अपने पार्टनर के साथ सम्मान से बात करनी चाहिए। ऐसा करने से बेवजह होने वाले झगड़ों को रोका जा सकता है।

पति और पत्नी के बीच में छोटी-छोटी नोक झोक तो होती ही रहती हैं। इन नोक झोक को बढ़ने से पहले ही रोकने की कोशिश करें और समय रहते अपनी गलतियों को सुधार लें। इससे रिश्ते में समस्या बढ़ने से पहले ही कंट्रोल हो सकती है। हम उम्मीद करते हैं कि इस लेख में दी गई सभी जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। इस तरह के रिलेशनशिप से संबंधित दूसरी जानकारी के लिए मॉमजंक्शन के अन्य आर्टिकल को पढ़ सकते हैं।

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.