मां बनने के बाद भूलकर भी न करें ये 5 काम

मां बनने के बाद महिलाओं के जीवन में कई तरह के बदलाव आते हैं। कुछ तो इन्हें अच्छे से संभाल लेती हैं, जबकि कुछ परिवार का सपोर्ट न मिलने की वजह से इनमें कहीं खो जाती हैं। चाहे जो भी हो, एक बात तो पक्की है कि इन बदलावों के हिसाब से खुद को ढालना और इन्हें संभालना आसान नहीं होता। इसी वजह से हर महिला को मां की जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह से तैयार होने के लिए कई चीजों से होकर गुजरना पड़ता है। इस दौरान कई महिलाएं कुछ गलतियां भी कर देती हैं, जो स्वाभाविक है। कुछ गलतियों का एहसास होते ही उन्हें ठीक कर लिया जाता है, जबकि कुछ ऐसी भी होती हैं, जिनकी वजह से सालों बाद मन में पछतावा होता है। इसी वजह से हम यहां 5 ऐसी चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें हर महिला को प्रेगनेंसी के बाद करने से बचना चाहिए।

In This Article

1. मन की बात अनसुनी करना

मां बनने के बाद बच्चे को लेकर भाई-बहन, दोस्त, दूर के रिश्तेदारों और पड़ोसियों से कई तरह की राय मिलती हैं। यह एक तरह से बातों की बाढ़ होती है, जिसमें महिला के खुद के विचार कहीं बह जाते हैं। महिला को ऐसा लगता है कि दूसरे लोग उससे कई ज्यादा अनुभवी हैं, तो वह सही कह रहे होंगे, लेकिन इन सुझावों के साथ मन की सुनना भी बहुत जरूरी है। हां, कुछ खास लोगों की बात पर आप भरोसा और उन पर विचार कर सकती हैं। इसके अलावा, आप डॉक्टर की सलाह भी ले सकती हैं।

2. बच्चे को अधिक दुलार न करना

Do not caress the child too much

Image: Shutterstock

कई लोग ऐसे भी हैं, जो महिला को यह सलाह देते हैं कि बच्चे को ज्यादा लाड-प्यार नहीं करना चाहिए। उसे बार-बार गोद में नहीं उठाना चाहिए, इससे बच्चे बिगड़ जाते हैं। इस तरह की बातों पर ध्यान देने की बजाए आप यह सोचें कि यह बच्चा आपका है और उसके साथ कैसे पेश आना है, यह आपका अधिकार है। सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा न करें। जब भी बच्चे को आपकी जरूरत हो, उसके पास जाएं और उसे प्यार करें। आपसे बेहतर यह कोई नहीं जानता कि बच्चे को आपकी कितनी जरूरत है, इसलिए फैसला खुद लें।

3. अपनी सेहत को प्राथमिकता न देना

Do not prioritize your health

Image: Shutterstock

अनियमित नींद, दिन भर व्यस्त रहना और सभी काम को पूरा करने के लिए इधर से उधर दौड़ते रहना। यह सब एक मां की नियमित दिनचर्या होती है। इसमें महिला खुद की सेहत की ओर ध्यान देना भूल जाती हैं। ऐसा न करें, अगर आप अपना ख्याल रखेंगी, तभी बच्चे का भी ध्यान रख पाएंगी। इस बात का ध्यान रखें कि जितना बच्चे का स्वास्थ्य जरूरी है, उतना ही आपका भी आवश्यक है। पर्याप्त नींद लेना और समय पर भोजन करने पर ही आप अपनी क्षमताओं के हिसाब से कार्य कर पाएंगी।

4. अपनी भावनाओं को अनदेखा करना

बच्चे का ख्याल रखना यानी दिनभर व्यस्त रहना। यह ऐसा कार्य है, जिसमें अधिकांश समय बच्चे पर ध्यान देते हुए ही बीत जाता है। ऐसे में महिलाएं खुद को समय नहीं दे पाती हैं और अपनी भावनाओं की अनदेखी करती रहती हैं। हां, यह सत्य है कि मां बनने के बाद शुरू होने वाले जीवन के इस पड़ाव में कुछ एडजस्टमेंट करने पड़ते हैं, लेकिन आपने भी बेबी होने के बाद बहुत कुछ करने के सपने संजो रखे होंगे। इसलिए, जरूरी है कि अपनी भावनाओं और सपनों के बारे में अपने लाइफ पार्टनर से बात करें और उन्हें पूरा करें। अगर आप पार्लर नहीं जा पा रही हैं, तो घर में ही अटेंडेंट को बुलाकर खुद को पैम्पर कर सकती हैं। इसके अलावा, अपनी हॉबी को भी पंख दे सकती हैं।

5. खुद को स्वार्थी समझना

Selfishness

Image: Shutterstock

वैसे तो अधिकतर मां अपने लिए समय नहीं निकाल पाती हैं और कभी निकाल भी लिया, तो उन्हें अपराध जैसा महसूस होने लगता है। चाहे वो क्वालिटी टाइम बिताना हो, स्पा के लिए जाना हो या कुछ अपने लिए शॉपिंग करनी हो। ये सभी काम महिला को खुशी तो देते हैं, लेकिन पल भर में ही उन्हें ऐसा लगने लगता है कि वो स्वार्थी मां हैं। ऐसा बिल्कुल भी न सोचें, क्योंकि खुद के लिए समय निकालना स्वार्थ नहीं होता है। अपने मूड को फ्रेश करना और अच्छा महसूस करना, यह सब जरूरी है। इसलिए, बच्चे का ध्यान रखने के साथ-साथ उन कामों को भी करें, जो आपको पसंद हैं।

मां बनने के बाद क्या नहीं करना चाहिए, यह तो आप जान ही गई हैं। बस इन बातों को ध्यान में रखें और अपने मन की आवाज को सुनें। स्वयं की इच्छाओं को मारना और पूरी तरह से बच्चे व घर के लिए ही समर्पित हो जाना, आपके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसी वजह से अपनी खुशियों को भी प्राथमिकता दें और मुस्कुराते रहें। उम्मीद करते हैं कि ये जानकारी आपके काम आएगी।

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.