check_iconFact Checked

म्यूकस प्लग क्या होता है व डिस्चार्ज के बाद प्रसव कब शुरू होता है? | Mucus Plug In Pregnancy In Hindi

गर्भावस्था के दौरान छोटी से छोटी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। खासकर, उन बातों का जो आपके शरीर से सीधे तौर पर जुड़ी हों। इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही प्रेगनेंसी में जटिलताओं का कारण बन सकती है। यही वजह है कि मॉमजंक्शन के इस लेख में हम म्यूकस प्लग डिस्चार्ज के विषय में आपको बताने जा रहे हैं। यहां जानिए यह किस प्रकार का डिस्चार्ज है और इसका प्रसव से कैसा संबंध है? इसकी पहचान कैसे करनी है और इससे जुड़ी जटिलताएं क्या-क्या हो सकती हैं? इन सभी सवालों के जवाब इस लेख में दिए गए हैं।

चलिए सबसे पहले जान लेते हैं कि म्यूकस प्लग होता क्या है।

In This Article

म्यूकस प्लग क्या है और यह कैसा दिखता है?

यह सर्वाइकल कैनाल (गर्भाशय ग्रीवा से जुड़ी) में मौजूद एक तरह का गाढ़ा और चिपचिपा तरल पदार्थ है, जो जिलेटिन (मुलायम गाढ़ा तरल पदार्थ) जैसा दिखता है। यह गर्भाशय ग्रीवा को सील करने का काम करता है। यह प्रसव के दौरान या प्रसव से कुछ समय पहले डिस्चार्ज के रूप में बाहर निकल सकता है। यह भ्रूण को संक्रमण से बचाने में मदद कर सकता है। वहीं, इसके रंग की बात करें, तो यह सफेद, रक्त जैसा लाल, थोड़ा भूरा और गुलाबी दिख सकता है (1)

स्क्रॉल करके जानिए ‘म्यूकस प्लग डिस्चार्ज’ के विषय में।

‘म्यूकस प्लग डिस्चार्ज’ का क्या मतलब है?

म्यूकस प्लग डिस्चार्ज होने का मतलब है गर्भाशय ग्रीवा का खुलना और उसका पतला और नाजुक होना। प्राकृतिक रूप से इसका बाहर निकलना यह संकेत देता है कि गर्भवती का शरीर शिशु को जन्म देने के लिए तैयार है। इसके डिस्चार्ज होने के तुरंत बाद या एक-दो दिनों बाद लेबर पेन यानी प्रसव पीड़ा शुरू हो सकती है (2)

आइए, अब जान लेते हैं कि म्यूकस प्लग बाहर कब आता है।

कब बाहर आता है म्यूकस प्लग?

विशेषज्ञों के अनुसार, म्यूकस प्लग प्रसव शुरू होने से एक या दो दिन पहले गर्भाशय ग्रीवा से अलग होकर कर योनि से बाहर निकल सकता है। कई बार म्यूकस प्लग के साथ रक्त भी बाहर आ सकता है (3)। वहीं, इसके निकलने का समय महिलाओं में अलग-अलग हो सकता है।

नीचे जानिए प्रेगनेंसी में म्यूकस प्लग निकलने से जुड़े एक गंभीर सवाल का जवाब।

एक गर्भवती का म्यूकस प्लग बाहर कैसे आता है?

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि एक गर्भवती महिला का म्यूकस प्लग प्रसव से कुछ समय पहले या प्रसव के दौरान बाहर आ सकता है। यह प्राकृतिक रूप से वेजाइनल डिस्चार्ज के रूप में बाहर आता है। इससे गर्भवती को घबराने की जरूरत नहीं होती है। वहीं, जब भी किसी गर्भवती का म्यूकस प्लग बाहर निकले, तो डॉक्टर को इस बारे में जरूर बताना चाहिए।

चलिए अब प्रेगनेंसी में म्यूकस डिस्चार्ज होने के कारणों पर नजर डाल लेते हैं।

गर्भवती महिलाओं में म्यूकस प्लग डिस्चार्ज होने के क्या कारण होते हैं?

गर्भावस्था में म्यूकस प्लग के डिस्चार्ज होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। कई मामलों में गर्भाशय ग्रीवा के नाजुक होने या पतला होने के कारण म्यूकस प्लग बाहर आने लगता है। इसका मतलब यह है कि प्रसव के लिए गर्भाशय ग्रीवा तैयार है (2)। वहीं, कई बार सर्विक्स परीक्षण और शारीरिक संबंध बनाने के दौरान भी म्यूकस प्लग डिस्चार्ज हो सकता है। फिलहाल, इस विषय में अभी और शोध किए जाने की आवश्यकता है।

म्यूकस प्लग के डिस्चार्ज से जुड़ी जटिलताएं नीचे बताई गई हैं।

क्या म्यूकस प्लग का निकलना किसी तरह की समस्या का कारण बन सकता है?

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि गर्भावस्था के दौरान म्यूकस प्लग का निकलना एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। वहीं, हमने इस बात का भी जिक्र किया है कि प्रेगनेंसी के दौरान म्यूकस प्लग गर्भाशय ग्रीवा को सील करने का काम करता है, जिससे कि भ्रूण को संक्रमण और बाहरी खतरे का जाखिम कम होता है। वहीं, इससे जुड़े एक शोध में जिक्र मिलता है कि गर्भाशय ग्रीवा को सील करने क्षमता में कमजोरी या किसी तरह की गड़बड़ी (impaired barrier properties) बच्चे के समय से पहले जन्म (प्रीटर्म बर्थ)  का जोखिम बढ़ा सकती है (4)। हालांकि, अगर म्यूकस प्लग समय से पहले निकलता है, तो अपने डॉक्टर से जरूर मिले। फिलहाल, इससे जुड़ी जटिलताओं को लेकर अभी और शोध किए जाने की आवश्यकता है।

आइए, अब म्यूकस प्लग डिस्चार्ज की पहचान करने का तरीका जान लेते हैं।

कैसे पता करें कि म्यूकस प्लग निकल चुका है?

जैसा कि हमने ऊपर बताया कि यह प्रसव से कुछ समय पहले या उसके दौरान प्राकृतिक तरीके से बाहर निकल सकता है। साथ ही हमने यह भी बताया कि यह गाढ़ा और चिपचिपा पदार्थ होता है। इसके अलावा, यह रंग में रक्त की तरह लाल, सफेद, थोड़ा भूरा या गुलाबी हो सकता है। इन चीजों की पहचान कर यह पता लगाया जा सकता है कि म्यूकस प्लग निकला है या नहीं (5)

म्यूकस प्लग और लेबर से जुड़े एक जरूरी सवाल का जवाब नीचे दिया गया है।

म्यूकस प्लग निकलने के कितनी देर बाद लेबर शुरू होता है?

म्यूकस प्लग के निकलने के एक या दो दिन के अंदर ही लेबर शुरू हो सकता है (3)। वहीं, अगर किसी के म्यूकस प्लग के निकलने के तीन-चार दिन बाद भी लेबर पेन शुरू नहीं होता है, तो वो इस बारे में डॉक्टर से बात जरूर करें।

आगे जानिए म्यूकस प्लग डिस्चार्ज के तुरंत बाद क्या करना चाहिए।

अगर म्यूकस प्लग निकल चुका है, तो उसके तुरंत बाद क्या करें?

म्यूकस प्लग के निकलने पर तुरंत बाद क्या करना चाहिए, यह इस बात पर निर्भर करता है कि म्यूकस प्लग कैसा दिखता है और यह प्रसव के संभावित समय से कितने दिन पहले डिस्चार्ज हो रहा है। यह इसलिए ताकि महिला म्यूकस प्लग के विषय में डॉक्टर को सही जानकारी दे सके। नीचे हम दो विभिन्न स्थितियों में इस विषय को और अच्छी तरह समझाने की कोशिश कर रहे हैं :

36 सप्ताह से कम गर्भावस्था:

गर्भावस्था के 36 हफ्ते पूरे होने से पहले ही अगर म्यूकस प्लग बाहर आता है, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें। डॉक्टर म्यूकस डिस्चार्ज होने की वजह जानने के लिए गर्भाशय ग्रीवा और भ्रूण का परीक्षण कर सकता है। इससे डॉक्टर पता लगा सकता है कि भ्रूण सुरक्षित है या नहीं।

37 सप्ताह के बाद:

बिना किसी जटिलता या चिंता करने वाले लक्षणों के अगर किसी गर्भवती का म्यूकस प्लग 37 सप्ताह बाद डिस्चार्ज होता है, तो महिला को घबराने की जरूरत नहीं है। जैसे ही म्यूकस प्लग डिस्चार्ज हो, तो डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर आवश्यक जांच कर आगे की प्रक्रिया के बारे में बताएंगे। साथ ही कुछ जरूरी सुझाव भी दे सकते हैं।

नोट : 36 सप्ताह से पहले और 37 सप्ताह के बाद अगर म्यूकस प्लग बाहर आता है, तो महिला को तुरंत क्या करना चाहिए, इससे जुड़ा सटीक वैज्ञानिक शोध उपलब्ध नहीं है, इसलिए इस विषय से जुड़ी पूरी जानकारी डॉक्टर से जरूर लें।

चलिए जानते हैं कि किस स्थिति में डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डॉक्टर को कब बुलाएं?

गर्भावस्था के समय डॉक्टर से नियमित संपर्क बनाना जरूरी होता है। वहीं, म्यूकस प्लग की बात करें, तो    निम्नलिखित स्थितियां सामने आने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए:

  • म्यूकस प्लग के साथ अधिक मात्रा में रक्त निकलने पर।
  • इसके कारण बहुत ज्यादा दर्द होना।
  • म्यूकस प्लग डिस्चार्ज से दुर्गंध आने पर, क्योंकि यह किसी संक्रमण का लक्षण हो सकता है।
  • म्यूकस प्लग के रंग में बदलाव, जैसे हरा रंग दिखने पर।

म्यूकस प्लग से जुड़े कुछ सवालों के जवाब नीचे बताए गए हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या म्यूकस प्लग डिस्चार्ज में दर्द होता है?

म्यूकस प्लग डिस्चार्ज के कुछ मामलों में दर्द महसूस हो सकता है। फिलहाल, इस बात को प्रमाणित करने के लिए किसी तरह का वैज्ञानिक शोध उपलब्ध नहीं है।

क्या म्यूकस प्लग का डिस्चार्ज हमेशा होता ही है?

ऐसे तो गर्भावस्था के दौरान म्यूकस प्लग का डिस्चार्ज होना आम प्रक्रिया है और इस संबंध में हम ऊपर लेख में पहले ही बता चुके हैं। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि जरूरी नहीं है कि म्यूकस प्लग का डिस्चार्ज लेबर में या लेबर में जाने से पहले हो। कई बार म्यूकस प्लग के लक्षण के बिना भी महिला को लेबर पेन हो सकता है।

क्या हर प्रेगनेंसी में म्यूकस प्लग डिस्चार्ज होता है?

हर स्वस्थ प्रेगनेंसी में म्यूकस प्लग डिस्चार्ज होता है (3)

क्या आप अपने म्यूकस प्लग को बाहर निकाल सकती हैं?

किसी भी महिला को म्यूकस प्लग को बाहर निकालने की कोशिश नहीं करना चाहिए। यह सही समय पर अपने आप बाहर निकल जाता है।

हम उम्मीद करते हैं कि अब आप प्रेगनेंसी में म्यूकस प्लग डिस्चार्ज से जुड़ी जरूरी बातें जान गई होंगी। साथ ही यह किस प्रकार भ्रूण को सुरक्षित रखने का काम करता है, इसकी भी जानकारी हो गई होगी। ऐसे में, अगर आप गर्भवती हैं, तो इसके विषय में जानकारी रखना बहुत जरूरी है। साथ ही इसकी पहचान कैसे करनी है, इसका भी ध्यान जरूर रखें और इसके निकलने पर डॉक्टर से संपर्क जरूर करें। आशा करते हैं कि लेख में दी गई जानकारी आपके लिए मददगार होगी। प्रेगनेंसी से जुड़े अन्य विषयों के बारे में जानने के लिए आप मॉमजंक्शन के अन्य लेख पढ़ सकते हैं।

References

MomJunction's articles are written after analyzing the research works of expert authors and institutions. Our references consist of resources established by authorities in their respective fields. You can learn more about the authenticity of the information we present in our editorial policy.

1. The cervical mucus plug: Structured review of the literature By AOGS
2. Labor and birth By WomensHealth
3. Vaginal birth – series—Indications By Medlineplus
4. Cervical Mucus Properties Stratify Risk for Preterm Birth By NCBI
5. Am I in labor By Medlineplus

Was this article helpful?
thumbsupthumbsdown
The following two tabs change content below.