
Image: Shutterstock
बच्चों के आहार में मिल्कशेक को शामिल करना एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है। मिल्कशेक के माध्यम से बच्चों के आहार में फलों और नट्स को शामिल करना आसान हो जाता है। साथ ही बच्चे इनका सेवन आसानी से कर लेते हैं। अगर आप सोच रहे हैं कि बच्चों के आहार में किस तरह के मिल्कशेक को शामिल करें, तो अब ज्यादा सोचने की आवश्यकता नहीं है। मॉमजंक्शन के इस लेख में हमारे साथ जानिए बच्चों के लिए 15 मिल्कशेक बनाने की रेसिपी।
चलिए, जानते हैं बच्चों के लिए मिल्कशेक बनाने की विधियों के बारे में।
बच्चों के लिए 15 मिल्कशेक रेसिपी | Baccho Ke Liye Milkshake Recipe In Hindi
मिल्कशेक बच्चों के लिए कई तरह से फायदेमंद साबित हो सकता है, इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को मजबूत करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, इसमें प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। साथ ही इसमें ऊर्जा की भी भरपूर मात्रा होती है, जो बच्चों को ऊर्जावान रखने का काम कर सकती है (1)। इसलिए, बच्चों के आहार में मिल्कशेक शामिल करना एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। नीचे जानिए बच्चों के लिए 15 मिल्कशेक बनाने की विधियों के बारे में।
1. बनाना मिल्कशेक
सामग्री:
- एक पका हुआ केला
- आधा गिलास दूध
- दो आइस क्यूब (वैकल्पिक)
- कुछ ड्राई फ्रूट्स (वैकल्पिक)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले केले का छिलका निकालकर इसे छोटे टुकड़ों में काट लीजिए।
- इसके बाद इन टुकड़ों के साथ दूध और आइस क्यूब को ग्राइंडर में डालें।
- फिर अच्छी तरह ब्लेंड करें।
- कुछ मिनट में ही आपका बनाना मिल्कशेक तैयार हो जाएगा।
- आप चाहें तो ऊपर से थोड़े ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं।
2. मैंगो मिल्कशेक
सामग्री:
- एक पका हुआ आम
- आधा गिलास दूध
- शक्कर आवश्यकतानुसार
- दो आइस क्यूब (वैकल्पिक)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले आम को धोकर छिलका उतार लें और इसके गूदे के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर ग्राइंडर में डालें।
- इसके बाद ग्राइंडर में दूध, शक्कर और आइस क्यूब डालें।
- फिर इसे दो मिनट तक अच्छे से मिक्स करें।
- अब आपका मैंगो मिल्कशेक तैयार है।
3. चॉकलेट मिल्कशेक
सामग्री:
- दो चम्मच चॉकलेट पाउडर
- एक गिलास दूध
- दो चम्मच चीनी
- दो आइस क्यूब (वैकल्पिक)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले दूध को हल्का गर्म कर लें और कुछ देर ठंडा होने दें।
- फिर इसे ग्राइंडर में डाल दें। साथ ही इसमें चॉकलेट पाउडर और आइस क्यूब भी डालें।
- अब इसे एक मिनट तक ग्राइंडर में अच्छे से मिक्स करें।
- आपका मिल्कशेक तैयार हो चुका है, अब इसे आप बच्चों को दे सकते हैं।
4. ओरियो मिल्कशेक
सामग्री:
- तीन से चार ओरियो बिस्कुट
- आधा गिलास दूध
- आधा कप आइस्क्रीम
- दो चम्मच क्रीम (सजाने के लिए)
- एक चम्मच चॉकलेट पाउडर
बनाने की विधि:
- सबसे पहले दूध को हल्का गर्म करें और कुछ देर ठंडा होने दें।
- फिर इसे ग्राइंडर में डालें। साथ ही इसमें ओरियो बिस्कुट, आइसक्रीम और चॉकलेट पाउडर को भी मिलाएं।
- इसे कुछ देर अच्छी तरह ब्लेंड करें।
- इसके बाद इसे गिलास में निकालें और क्रीम से सजाकर बच्चे को दें।
5. किटकैट मिल्कशेक
सामग्री:
- एक छोटा किटकैट चॉकलेट का पैकेट
- आधा गिलास दूध
- दो चम्मच क्रीम
- एक चम्मच चोको चिप्स
- दो चम्मच वनीला आइसक्रीम
बनाने की विधि:
- ग्राइंडर के जार में किटकैट चॉकलेट, दूध और वेनिला आइसक्रीम डालें।
- इसे थोड़ी देर ब्लेंड करें और गिलास में निकाल लें।
- फिर ऊपर से क्रीम को डालकर चोको चिप्स से गार्निश करें।
- फिर इसे आप बच्चों को दें।
6. चीकू मिल्कशेक
सामग्री:
- दो चीकू
- आधा गिलास दूध
- दो चम्मच शक्कर
- दो आइस क्यूब (वैकल्पिक)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले सभी चीकू के छिलके उतार कर उनका गूदा अलग कर लें।
- अब इसे ग्राइंडर में डालें और साथ में इसमें दूध, शक्कर व आइस क्यूब भी डालें।
- फिर इसे ग्राइंडर में अच्छी तरह ब्लेंड कर लें।
- इसके बाद इसे गिलास में निकाल कर बच्चे को दें।
7. वनीला मिल्कशेक
सामग्री:
- एक कप वनीला आइसक्रीम
- एक कप दूध
- दो चम्मच शक्कर
- दो चम्मच क्रीम (सजाने के लिए)
बनाने की विधि:
- सबसे पहले आप एक ग्राइंडर में वनीला आइसक्रीम, दूध और शक्कर को डालें।
- इसे ग्राइंडर में अच्छे से मिक्स करें।
- फिर इसे गिलास में डालें और ऊपर से क्रीम से सजाएं।
- अब वनीला मिल्कशेक बच्चे को देने के लिए तैयार है।
8. स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक
सामग्री:
- तीन से चार फ्रेश स्ट्रॉबेरी
- आधा गिलास दूध
- दो चम्मच शक्कर
- दो स्कूप स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम
बनाने की विधि:
- सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को दो टुकड़ों में काट लें।
- उसके बाद स्ट्रॉबेरी और दूध को ग्राइंडर में डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
- फिर शक्कर और स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम डाल कर इसे फिर से ब्लेंड करें।
- अब यह तैयार हो गया है, इसे गिलास में डालकर बच्चे को दे सकते हैं।
9. एप्पल मिल्कशेक
सामग्री:
- एक सेब
- एक कप दूध (थोड़ा ठंडा)
- आधा चम्मच वनीला एसेंस
- दो चम्मच शक्कर
बनाने की विधि:
- सबसे पहले सेब को धोकर छिल लें।
- फिर इसे छोटे टुकड़ों में काटकर ग्राइंडर में डाल लें।
- साथ ही इसमें दूध, शक्कर और वनीला एसेंस भी डालें और अच्छे से ब्लेंड करें।
- अच्छी तरह मिक्स होने के बाद इसे गिलास में निकालकर बच्चे को दें।
10. कॉर्न-कैरेमल मिल्कशेक
सामग्री:
- एक चौथाई कप कैरेमल पॉपकॉर्न
- एक कप दूध
- तीन स्कूप वनीला आइसक्रीम
- एक छोटा चम्मच कैरेमल सॉस
बनाने की विधि:
- एक ब्लेंडर में दूध, कैरेमल सॉस और वनीला आइसक्रीम को डालें।
- फिर अच्छे से ब्लेंड करें।
- ब्लेंड होने के बाद इसे एक गिलास में डालें।
- फिर ऊपर से कैरेमल पॉपकॉर्न डालकर सर्व करें।
- इस प्रकार आप कॉर्न-कैरेमल मिल्कशेक बना सकते हैं।
11. कस्टर्ड एप्पल (सीताफल) मिल्कशेक
सामग्री:
- एक पका हुआ सीताफल
- आधा गिलास ठंडा दूध
- एक चम्मच शक्कर
बनाने की विधि:
- सीताफल का गूदा निकालकर अलग कर दें।
- ध्यान रहे कि इसमें बीज न हो।
- अब इसके गूदे को दूध और शक्कर के साथ ग्राइंडर में डालें।
- अब अच्छी तरह सामग्री को ग्राइंडर में ब्लेंड करें।
- ब्लेंड होने के बाद इसे गिलास में डालकर बच्चे को दें।
12. बादाम-केसर मिल्कशेक
सामग्री:
- एक गिलास दूध (फुल क्रीम)
- पांच से छह बादाम
- दो से तीन केसर के धागे
- दो हरी इलायची के दाने (पीसे हुए)
- दो चम्मच शक्कर
बनाने की विधि:
- सबसे पहले बादाम को लगभग पांच घंटे तक दूध में भिगोकर रखें।
- फिर बादाम वाले दूध में केसर डालकर पांच मिनट तक गैस पर गर्म करें।
- फिर दूध को थोड़ी देर अलग रख दें, ताकि यह गुनगुना हो जाए।
- इसके बाद ग्राइंडर में गुनगुना दूध, बादाम, केसर और शक्कर को डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें।
- ब्लेंड होने के बाद इसके ऊपर इलायची डालें और थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें।
- ठंडा होने के बाद मिल्कशेक बच्चों को दे सकते हैं।
13. मस्क मेलन (खरबूजा) मिल्कशेक
सामग्री:
- एक कप कटा हुआ खरबूजा
- दो कप दूध
- दो चम्मच शक्कर
- दो से तीन आइस क्यूब
- एक चम्मच चेरी
बनाने की विधि:
- खरबूजे के टुकड़ों को ब्लेंडर में डाल कर पीस लें।
- फिर इसमें दूध और शक्कर डालकर फिर से दो मिनट तक इसे पीसे।
- अब इसमें आइस क्यूब और चेरी को ऊपर से डालकर बच्चों को सर्व करें।
14. मिक्स ड्राई फ्रूट मिल्कशेक
सामग्री:
- तीन बादाम
- तीन काजू
- तीन पिस्ता
- तीन अखरोट
- आधा गिलास दूध
- दो चम्मच शक्कर
- दो आइस क्यूब (वैकल्पिक)
बनाने की विधि:
- इस मिल्कशेक को तैयार करने के लिए सभी ड्राई फ्रूट्स को करीब एक घंटे तक पानी में भिगोकर रखें।
- फिर सभी ड्राई फ्रूट को पानी से निकाल लें और बादाम का छिलका उतार लें।
- इसके बाद इन ड्राई फ्रूट्स को ग्राइंडर में बारीक पीस लें।
- फिर इसमें दूध और शक्कर मिलाकर अच्छे से ब्लेंड करें।
- अब यह ड्राई फ्रूट मिल्कशेक तैयार हो गया है। इसमें ऊपर से बर्फ डालकर बच्चों को दें।
15. मिक्स फ्रूट मिल्कशेक
सामग्री:
- आधा केला (छिला हुआ)
- आधा कप कटा हुआ पपीता
- आधा कप कटा हुआ सेब
- एक कप दूध
- दो-तीन आइस क्यूब (वैकल्पिक)
- एक चम्मच शहद
बनाने की विधि:
- सभी फलों को दूध के साथ ग्राइंडर में डालें।
- फिर इसे कुछ मिनट तक अच्छे से ब्लेंड करें।
- अब एक गिलास में आइस क्यूब के साथ इसे डालकर सर्व करें और बच्चे को दें।
नोट: बच्चों को फल और नट्स युक्त मिल्क शेक देना बेहतर होगा। मिल्क शेक में क्रीम और आइसक्रीम डालने से बचें। क्रीम और आइसक्रीम डालने पर कुल कैलोरी बढ़ सकती है, जिससे कि बच्चे को अधिक वजन / मोटापे की समस्या हो सकती है।
हम आशा करते हैं कि इन मिल्कशेक रेसिपी को जानने के बाद आप इन्हें अपने बच्चे की डाइट में जरूर शामिल करेंगे। साथ ही इस बात का ध्यान रखें कि बच्चों को मिल्कशेक हमेशा सीमित मात्रा में ही दें। अगर बच्चे को ऊपर बताए गए किसी भी खाद्य पदार्थ से एलर्जी है, तो उस खाद्य पदार्थ को मिल्कशेक में शामिल न करें। इसके अलावा, अगर आप मिल्कशेक में आइस क्यूब का इस्तेमाल नहीं करना चाहते हैं, तो दूध को थोड़ी देर फ्रिज में रख सकते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपके लिए लाभकारी साबित होगा।
संदर्भ (Reference) :